◾ विधि विधान से पूजा अर्चना व विशेष मंत्रोच्चार के साथ शिवमहापुराण का श्रीगणेश
◾ श्रीराम मंदिर से शिवालय तक निकाली गई भव्य कलश यात्रा
◾कथा श्रवण को आसपास के गांवों से उमड़ा आस्था का सैलाब
◾ क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि को हुई विशेष प्रार्थना
◾27 अगस्त को पूर्णाहुती व महाआरती के बाद भंडारे के साथ होगा पारायण
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
जीवनदायिनी कोसी व उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी के तट पर स्थित शिवालय में विधि विधान व विशेष मंत्रोच्चार के साथ संगीतमय शिवमहापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का श्रीगणेश हो गया। महिलाओं ने श्रीराम मंदिर गरमपानी से शिवालय तक भव्य कलश यात्रा निकाली। देवाधिदेव महादेव के जयकारों से समूची कोसी घाटी गुंजायमान हो उठी। कथा श्रवण को आसपास के गांवों से आस्था का सैलाब उमड़ा।
गुरुवार सुबह धर्माचार्य भानू पांडे, कमल पांडे, दीप पांडे, राजेंद्र त्रिपाठी ने यजमान भुवन पिनारी, दीप चंद्र पांडे, देवेश कांडपाल, भास्कर पांडे से विधि विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। क्षेत्र की सुख शांति व समृद्धि को विशेष प्रार्थना की गई। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर श्रीराम मंदिर गरमपानी से खैरना स्थित शिवालय तक महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य कलश यात्रा निकाली। सरस्वती शिशु मंदिर के नौनिहालों ने झांकियों के माध्यम से समां बांधा। स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा से कलश यात्रा का स्वागत किया। कथा व्यास आचार्य चंद्रशेखर अधिकारी ने भगवान शिव की विभिन्न लीलाओं का वर्णन कर कहा की जिस क्षेत्र में कथा का पाठ होता है उस क्षेत्र को आपदाओं से मुक्ति मिलती है तथा वह क्षेत्र समृद्ध हो जाता है। कथा व्यास ने श्रद्धालुओं से सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कथा श्रवण को मझेडा़, डोबा, रातीघाट, धनियाकोट, सिमलखा, लोहाली, चमड़ियां , भुजान आदि तमाम गांवों से आस्था का सैलाब उमड़ा। 27 अगस्त को पूर्णाहुती व महाआरती के बाद भंडारे के साथ कथा का पारायण होगा। चौकी प्रभारी दिलीप कुमार मय टीम यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अंकित साह, ग्राम प्रधान त्रिभुवन पाठक, प्रेम गोस्वामी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष प्रताप गौणी, मदन मोहन कैडा़, अजय पनौरा, भरत नैनवाल, मनीष तिवारी, भुपाल सिंह गौणी, अंकित सुयाल, मोहन मूर्ति, नीरज जलाल आदि जुटे रहे।
