◾लकड़ियों के कमजोर पड़ने से धराशाई होने का खतरा
◾ नौनिहालों की जिंदगी पर संकट मंडराने से पंचायत प्रतिनिधि व अभिभावक चिंतित
◾कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुनवाई न होने से नाराजगी
◾ नौनिहालों की सुरक्षा को ठोस उपाय किए जाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा – हल्द्वानी हाइवे से सटे ईनाड़ गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय की छत को दीमक चट कर रहे हैं। विद्यालय की छत में लगी लकड़ी में दीमक लगने से लगातार लकड़ियां कमजोर होती जा रही है। बड़ी घटना का अंदेशा बना हुआ है। विद्यालय प्रबंधन समिति व पंचायत प्रतिनिधियों ने समय रहते ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है ताकि भविष्य के खतरे को टाला जा सके।
हाइवे से सटे ताड़ीखेत ब्लॉक के ईनाड़ गांव में स्थित विद्यालय पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है। विद्यालय के कक्षा कक्षों की छत पर लगी लकड़ियों को दीमक लगातार कमजोर करता जा रहा है। विद्यालय में गांव के नौनिहाल प्राथमिक शिक्षा का कहकहा सिखने पहुंचते हैं पर छत पर लगी लकड़ियों पर दीमक लगने से नौनिहालों की जिंदगी पर खतरा मंडरा रहा है। विद्यालय परिसर में ही आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होता है। बुनियादी शिक्षा लेने पहुंच रहे छोटे छोटे नौनिहालों पर भी जोखिम बना हुआ है। लगातार दीमक की जद में आने व लकड़ियों के कमजोर पड़ने से विद्यालय प्रबंधन समिति तथा अभिभावकों की चिंता भी बढ़ने लगी है। पूर्व में भी कई बार मामले की सुध लेने की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद अनसुनी कर दी जा रही है। जोखिम लगातार बढ़ता ही जा रहा है इसके बाद भी कोई सुध न लिए जाने से क्षेत्रवासियों में गहरी नाराजगी भी है। ग्राम प्रधान कमला देवी, उपप्रधान कांति देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष रेखा देवी,दीपा देवी, कमला देवी, पार्वती देवी आदि ने नौनिहालों की सुरक्षा को ठोस कदम उठाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है ताकी भविष्य के खतरे को टाला जा सके।
