◾ मझेडा़ ग्राम पंचायत के चूवारी तोक में बिगड़ें हालत
◾अवर अभियंता के फोन तक न उठाने पर लोगों में रोष
◾ जल्द आपूर्ति सुचारु न किए जाने पर आंदोलन का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के मझेडा़ ग्राम पंचायत के चूवारी तोक के पंद्रह से ज्यादा परिवार बूंद बूंद पानी को तरस गए हैं। दो महीने से नलों से पानी की बूंद तक नहीं टपक रही। व्यापारी नेता ने आरोप लगाया की जल संस्थान के अवर अभियंता को लगातार दूरभाष पर संपर्क करने के बावजूद अवर अभियंता फोन तक नहीं उठा रहे। विभागीय अधिकारी की लापरवाही पर व्यापारियों ने गहरी नाराजगी जताई है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे मझेडा़ गांव के चूवारी तोक के बाशिंदों को पिछले दो महीने से भी अधिक समय से पीने के पानी को दूरदराज रुख करना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति ठप हो जाने से ग्रामीणों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्ग, महिलाएं व बच्चे तक दूरदराज से सिर पर पानी ढोकर घरों तक पहुंचा रहे हैं। व्यापारी नेता दुर्गा सिंह बिष्ट के अनुसार कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद कोई सुध लेवा नहीं है। जल संस्थान के सहायक अभियंता दलीप सिंह बिष्ट को दूरभाष पर सूचना दी गई तो उन्होंने अवर अभियंता से संपर्क साधने को कहा पर अवर अभियंता को कई बार फोन करने के बावजूद वह फोन उठाने की जहमत तक नहीं उठा रहे। आरोप लगाया कि लगातार मनमाने बिल भेजे जा रहे हैं पर पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। दुर्गा सिंह बिष्ट ने जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है कि यदि उपेक्षा हुई तो फिर ग्रामीणों को साथ लेकर जल संस्थान के कार्यालय में धरना शुरू किया जाएगा।
