◾ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन भेज लगाई न्याय की गुहार
◾ऋण की अदायगी न करने पर अब कुर्की के आदेश से मचा हड़कंप
◾बड़ी सांठगांठ से ऋण लेने का जताया अंदेशा
◾ ग्रामीणों ने उठाई निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामगढ़ ब्लॉक के सलकुली गांव में संयुक्त खाते की जमीनों को बैंक में बंधक रख ऋण लेने तथा अब बैंक से ऋण वसूली को कार्रवाई शुरू होने से हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने एसडीएम को पत्र भेज मामले की उच्चस्तरीय जांच कर न्याय की गुहार लगाई है। आरोप लगाया है की जमीन के दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर ऋण लिया गया है जबकि किसानों को इसकी जानकारी तक नहीं है। किसानों ने न्यायोचित कार्रवाई न होने पर आंदोलन का ऐलान भी किया है।
मामला रामगढ़ ब्लॉक के सूदूर सलकुली गांव से जुड़ा है। गांवो के बाशिंदों ने उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली को पत्र भेज बताया है कि गांव में लोगों की संयुक्त खाते की जमीन पर कुछ लोगों ने बड़ी सांठगांठ कर जमीन को बैंक में बंधक रख लिया है अब ऋण अदायगी न करने पर अब बैंक से कुर्की के आदेश जारी हुए हैं। जिस कारण गांव में भय का माहौल बना हुआ है बताया है कि बिना ग्रामीणों को विश्वास में लिए जमीनों को बैंकों में बंधक रख ऋण लेने की प्रक्रिया की गई है। वर्तमान में ग्रामीणों की जमीनों पर जेसीबी मशीन लगाकर जमीनों के रकबे से भी छेड़छाड़ की जा रही है। जमीनों का स्वरूप बिगड़ने तथा खेतों को खुर्द-बुर्द करने का प्रयास किया जा रहा है जो क्षेत्र के लोगों के हितों से खिलवाड़ है। कहा है कि अधिकांश अनुसूचित जाति से जुड़े परिवार इन जमीनों पर खेती-बाड़ी कर अपनी आजीविका चलाते हैं पर अब बड़ी समस्या सामने आ गई है। ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी से मामले में न्याययोचित कार्रवाई करने तथा दोषियों को दंडित किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में ग्राम प्रधान पूजा आर्या, राजेंद्र राम, रमेश चंद्र, अनी राम, जीवन राम, दीवान राम, प्रताप राम, रमेश राम, प्रकाश राम, चंदन राम, गोधन राम, पूरन चंद्र, गोपाल राम, मदन राम, ख्याली राम आदि के हस्ताक्षर हैं।
