◾दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल आग पर पाया जा सका काबू
◾ग्रामीणों ने उठाई प्रभावित पशुपालक को मुआवजा देने की मांग
◾तल्ली सेठी ग्राम पंचायत के सिमतया तोक की घटना
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के तल्ली सेठी ग्राम पंचायत के सिमतया तोक में गौशाला जलकर खाक हो गई। अग्निकांड की चपेट में आकर चार गौवंशीय पशुओं की भी मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से बामुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। क्षेत्रवासियों ने प्रभावित पशुपालक को क्षति का उचित मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
सिमतया क्षेत्र में निवासी गोपाल सिंह पशुपालन का कार्य कर घर की आजीविका चलाते हैं। घर से कुछ दूरी पर स्थित गौशाले में मंगलवार देर शाम एकाएक आग धधक उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। गौशाले से आग की लपटे उठती देख गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग गौशाले की और दौड़े। धधकती आग को बुझाने का प्रयास शुरु किया गया। ग्रामीणों ने गौशाले के अंदर से मवेशियों को निकालने का काफी प्रयास किया पर भीषण आग की लपटों के आगे किसी की भी न चल सकी। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल आग पर काबू पाया जा सका पर तब तक गौशाले के अंदर चार गौवंशीय पशुओं की भी मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना प्रशासन को भी भेज दी गई है। समाजसेवी शेखर फुलारा, तारा भंडारी , दलिप नेगी, बालम सिंह बोहरा, शेखर दानी व गांव के बाशिंदों ने प्रभावित पशुपालक गोपाल सिंह को क्षति का मुआवजा दिए जाने की मांग प्रशासन से की है।

error: Content is protected !!