◾ग्राम पंचायतों की उपेक्षा किए जाने का लगाया आरोप
◾आक्रोशित पंचायत प्रतिनिधियों ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंच जताई नाराजगी
◾जल्द प्रक्रिया शुरु न किए जाने पर कर डाला आंदोलन का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

गांवों में जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का कार्य प्रभावित होने से ग्राम प्रधान संगठन का पारा चढ़ गया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने इसे विभागीय लापरवाही करार दिया है। आरोप लगाया की डेढ़ महीने से भी अधिक समय से प्रमाण पत्र न बनने से गांव के बाशिदों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में बीते 25 जून से जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। पोर्टल बंद होने से विकट समस्या खड़ी हो चुकी है। गांव के बाशिंदे प्रमाण पत्र के लिए बार बार चक्कर लगाकर निराश हो चुके हैं। शुक्रवार को ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष मनोज पडलिया के नेतृत्व में कई गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंच नाराजगी जताई। आरोप लगाया की पंचायतों के कई कार्य प्रभावित हो चुके हैं। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए तक गांवो के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन अध्यक्ष मनोज पडलिया ने कहा की प्रमाण पत्रों का निस्तारण समय से नहीं किया जा रहा है। पूर्व का पोर्टल बंद होने के बाद अब सिविल रजिस्ट्रेशन सर्विस पोर्टल (सीआरएस) से प्रमाण पत्र तैयार किए जाने का हवाला दिया जा रहा है पर विभागीय अधिकारी आइडी उपलब्ध होने का दावा तो जरुर कर रहे हैं पर पोर्टल संचालित न कर पाने की बात कह पल्ला झाड़ ले रहे हैं जिसका खामियाजा गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। नियमानुसार 21 दिन बाद दोबारा आवेदन करने पर स्टांप , शपथ पत्र आदि की दिक्कतों का सामने आना लाजमी है। ग्राम प्रधान शेखर दानी ने कहा की पंचायतों की लगातार उपेक्षा की जा रही है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दो टूक चेतावनी दी की यदि जल्द जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र प्रक्रिया गतिमान नहीं की गई तो फिर ब्लॉक मुख्यालय में ही धरना शुरु कर दिया जाएगा। इस दौरान महेंद्र गोस्वामी, रोहित तिवारी, नंदी खुल्बे, रीता तिवारी, गणेश तिवारी, केवल जैडा़ आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!