◾ ग्राम प्रधान संगठन बेतालघाट के शिष्टमंडल ने बीडीओ से की मुलाकात
◾ग्राम पंचायतों की बैठक में अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर भी जताई नाराजगी
◾ पंचायतों की उपेक्षा पर दे डाली आंदोलन की चेतावनी
◾ बीडीओ ने की स्थिति स्पष्ट, सकारात्मक कार्रवाई का दिया भरोसा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के पटोडी़ – सुनस्यारी गांव में अधिकारियों के पहुंचने तथा ग्राम पंचायतों की खुली बैठकों में अधिकारियों के न पहुंचने का मामला तूल पकड़ गया है। ग्राम प्रधान संगठन के शिष्टमंडल ने बीडीओ से मुलाकात कर मामले में नाराजगी जताई। दो टूक चेतावनी भी दी की यदि पंचायतों की उपेक्षा की गई तो फिर ब्लॉक मुख्यालय में ही धरना शुरु किया जाएगा।
बीते बुधवार को पटोडी़ – सुनस्यारी गांव में अधिकारियों के पहुंचने व पंचायत प्रतिनिधियों के नाराजगी जताने के बाद गुरुवार को पंचायत प्रतिनिधियों का शिष्टमंडल ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी के नेतृत्व में ब्लॉक मुख्यालय पहुंचा। बीडीओ बेतालघाट महेश चंद्र गंगवार से मुलाकात कर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा की लगातार पंचायतों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। एक ओर पंचायतों की खुली बैठकों में अधिकारी नहीं पहुंच रहे दूसरी ओर पटोडी़ – सुनस्यारी गांव में ग्राम प्रधान को बगैर विश्वास में लिए दर्जनों अधिकारी पहुंच रहे हैं। साफ कहा की पंचायतों की उपेक्षा किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ब्लॉक मुख्यालय में ही धरना शुरु किया जाएगा। बीडीओ महेश चंद्र गंगवार ने पंचायत प्रतिनिधियों को पटोडी़ – सुनस्यारी गांव में सीडीओ के निर्देश पर ही पहुंचने का हवाला दिया। दोहराया की किसी शिकायत पर जांच के लिए नहीं बल्कि विकास कार्यों का जायजा लेने टीम गांव में पहुंची थी। बीडीओ ने ग्राम पंचायतों की बैठकों में शत प्रतिशत अधिकारियों की मौजूदगी के लिए भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान ग्राम प्रधान बिनकोट गणेश तिवारी, प्रधान तल्लागांव प्रताप चंद्र, विनोद तिवारी, पंकज जोशी, पीतांबर आदि मौजूद रहे।
