◾ग्राम प्रधान व गांव के बासिदों ने जताया रोष
◾ अधिकारियों पर लगाया अड़ियल रवैया अपनाए जाने का आरोप
◾ गांव के विकास को कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव किए गए पास
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के जाख गांव में हुई खुली बैठक में एक बार फिर विभागीय अधिकारियों की गैरमौजूदगी का मुद्दा तूल पकड़ गया। पंचायत प्रतिनिधियों व गांव के बासिदों ने अधिकारियों के बैठक में न पहुंचने पर रोष जताया। बैठक में गांव में किए जाने वाले तमाम प्रस्ताव तैयार किए गए। ग्राम पंचायत अधिकारी पीतांबर आर्या ने विभाग से संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
मंगलवार को जाख ग्राम पंचायत की बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान आशा भंडारी ने की। ग्राम प्रधान ने गांव के विकास को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। पूर्व में हुए विकास कार्यों की समीक्षा भी की। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पीतांबर आर्या ने ग्राम्य विकास विभाग से संचालित योजनाओं की जानकारी दे लाभ उठाने का आह्वान किया। बैठक में किसान सम्मान निधि, सिंचाई, पेयजल, मनरेगा समेत तमाम महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा की गई। समय पर सूचना दिए जाने के बावजूद कई विभागों के अधिकारियों के बैठक में न पहुंचने पर ग्राम प्रधान व क्षेत्रवासियों ने रोष जताया। आरोप लगाया की अधिकारी गांवों की उपेक्षा पर आमादा है जिसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कहा की अधिकारी कर्मचारी अड़ियल रवैया अपनाए हुए हैं। गांव की महत्वपूर्ण बैठकों की अनदेखी की जा रही है। इस दौरान कुंदन नेगी, मदन नेगी, हरीश राम, पूरन राम, गीता देवी, अनीता देवी, गंगा भंडारी, नंदन अधिकारी, प्रताप राम आदि मौजूद रहे।
