◾ बरसाती नालियां बंद होने से मुख्य बाजार हुआ जलमग्न
◾ कई दुकानों व घरों में जा घुसा बारिश का पानी
◾ व्यापारियों ने जताई नाराजगी, अधिकारियों को बताया जिम्मेदार
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

मूसलाधार बारिश से बेतालघाट मुख्य बाजार क्षेत्र में जलभराव होने से क्षेत्र के बासिदों को फजीहत झेलनी पड़ी। नालियां बंद होने से बारिश का पानी कई दुकानों व घरों में जा घुसा। लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने आरोप लगाया की अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ा है। समय पर व्यवस्था दुरुस्त न किए जाने से बाजार क्षेत्र पानी से भर गया।
मंगलवार को हुई बारिश बेतालघाट क्षेत्र के लोगों के लिए आफत बनकर बरसी। बूंदाबांदी से शुरु हुई बारिश के रफ्तार पकड़ने के साथ ही बेतालघाट मुख्य बाजार क्षेत्र में जलभराव शुरु हो गया। देखते ही देखते पूरा बाजार क्षेत्र जलभराव की जद में आ गया। बाजार क्षेत्र की बरसाती नाली के बंद होने से निकासी न हो पाने के कारण बारिश का पानी कई लोगों के घरों तथा दुकानों तक में जा घुसा। लोगों का घरों तथा दुकानों का सामान भी खराब हो गया। स्थानीय लोग एक दूसरे की मदद से पानी साफ करने में जुटे रहे। व्यापारी नेता तारा भंडारी, शेखर दानी, बालम सिंह बोहरा, दलिप सिंह नेगी आदि ने अव्यवस्था के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। आरोप लगाया की समय समय पर बरसाती नाली की सफाई की मांग भी उठाई गई बावजूद जिम्मेदारों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूटी और अब खामियाजा स्थानीय बांसिदो को भुगतना पड़ रहा है। व्यापारियों ने लापरवाह अधिकारियों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक चेताया की यदि अनदेखी की गई तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।

error: Content is protected !!