◾ हाइवे पर तीन घंटे थमी रही वाहनों की रफ्तार
◾ जेसीबी मशीन से मलबा व बोल्डर हटाए जाने के बाद यातायात हुआ सुचारु
◾ दिन भर पत्थर गिरने रहे वाहनों पर मंडराता रहा खतरा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
मूसलाधार बारिश के शुरू होने के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित अतिसंवेदनशील लोहाली की पहाड़ी दरक गई। बोल्डर व मलबा हाइवे तक पहुंचने से आवाजाही ठप हो गई। जेसीबी मशीन से मलबा हटाने जाने के बाद बामुश्किल यातायात सुचारु हो सका। दिन भर रुक रुक कर पत्थरों के गिरने का क्रम जारी रहा। यात्रियों ने जान जोखिम में डाल आवाजाही की। भोर्या बैंड में भी बरसाती नाला उफान में आने से यातायात प्रभावित हुआ।
मंगलवार को सुबह से शुरु हुई बारिश से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कई क्षेत्रों में पत्थर गिरे। अतिसंवेदनशील लोहाली की पहाड़ी दरकने से हाइवे पर यातायात भी ठप हो गया। गनीमत रही की मलबे व बोल्डरों की चपेट में कोई यात्री वाहन नहीं आया और बडा़ हादसा टल गया। लगातार पत्थर गिरने व आवाजाही ठप होने से हाइवे पर दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पडा़। भोर्या बैंड में भी बरसाती नाले के उफान में आने से मलबा हाइवे पर जमा हो गया। सूचना पर एनएच कर्मियों ने जेसीबी मशीन की मदद से बोल्डर व मलबा हटाया तब जाकर बामुश्किल तीन घंटे बाद यातायात सुचारु हुआ। शाम तक पहाड़ी से रुक रूक कर पत्थरों के गिरने का क्रम जारी रहा। यात्री जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर रहे।
