◾बादल फटने जैसे हालात, गांव में मचा हड़कंप
◾मलबे की चपेट में आने से आधा दर्जन गोवंशीय पशुओं की मौत
◾कई आवासीय भवनों को नुकसान, लोगों ने भागकर बचाई जान, खतरा बरकरार
◾ जिम्मेदार अधिकारियों के फोन न लगने पर ग्रामीणों में रोष
◾विभागों की लापरवाही पड़ गई गांव पर भारी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के सुदूर हली गांव में निर्माणाधीन तितौली मोटर मार्ग से गिराया गया मलबा गांव में जा घुसा। एकाएक मलबा घुसने से बादल फटने जैसे हालात पैदा हो गए। कई मकानों में भी मलबा घुस गया। ग्रामीणों ने बामुश्किल भाग कर जान बचाई। मलबे में दबने से आधा दर्जन पालतु मवेशियों की भी मौत हो गई। खेत भी रोखड़ में तब्दील हो गए हैं। लगातार बारिश से गांव पर खतरा बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग उठाई है।
सूदूर हली गांव में मूसलाधार बारिश के बीच गांव के ठिक उपर से भारी मलबा गांव की ओर आता देख लोगों में हड़कंप मच गया। चीख पुकार के बीच लोग घरों से बाहर निकल आए। तेज रफ्तार में मलबा व पत्थर गांव के बीचोबीच जा घुसा।कई आवासीय भवन मलबे व पत्थरों से भर गए जबकि स्थानीय पशुपालको के आधा दर्जन मवेशियों की मलबे में दबने से मौत हो गई। गनीमत रही की कोई स्थानीय मलबे की चपेट में नहीं आया और बडा़ हादसा टल गया। गांव में मलबा घुसने से लोगों की खेत रोखड़ में तब्दील हो चुके हैं भारी नुकसान की सूचना है। ग्रामीण मलबे में दबे मवेशियों को निकालने में जुटे हुए हैं। गांव की सुरक्षा को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठी है। सूचना पर प्रशासन की टीम गांव को रवाना हो चुकी है। भाजपा मंडल अध्यक्ष सोबन सिंह ने कहा की अधिकारियों को सूचना देने के लिए कई बार फोन किया गया पर अधिकारियों के फोन नहीं लगे।
विभागों की लापरवाही पड़ गई गांव पर भारी
हली गांव के बाशिंदे लंबे समय से निर्माणाधीन तितोली मोटर मार्ग के मलबे के निस्तारण की मांग उठाते रहे पर कोई सुनवाई नहीं हो सकी। आखिरकार मंगलवार को निर्माणाधीन सड़क का मलबा गांव तक जा पहुंचा। भाजपा मंडल अध्यक्ष सोबन सिंह ने आरोप लगाया कि कार्यदाई संस्था के साथ ही वन विभाग भी घटना के लिए पूरी तरह जिम्मेदार है। आरोप लगाया कि लंबे समय से मलबे तथा सड़क की जद में आए पेड़ों के निस्तारण की मांग उठाई गई पर हमेशा अनदेखी की गई जिसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ा। मंडल अध्यक्ष सोबन सिंह ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।
