◾ डेढ़ सौ से ज्यादा परिवार परेशानी का सामना करने को मजबूर
◾ पंचायत प्रतिनिधियों व क्षेत्रवासियों ने जताई गहरी नाराजगी
◾जल्द मोटर मार्ग पर आवाजाही सुचारु किए जाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाला मोटर मार्ग सप्ताह भर से अधिक समय से बंद है बावजूद कोई सुधलेवा नहीं है। मोटर मार्ग के बंद होने से गांव के बासिदों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाइवे से गांव को पैदल रुख करना मजबूरी बन चुका है। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने मोटर मार्ग पर तत्काल आवाजाही सुचारु किए जाने की मांग उठाई है।
बरसात में अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के आदेश भले ही दिए गए हो पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली सिरसा गांव के बासिदों पर भारी पड़ रही है। तमाम गांवों को जोड़ने वाला नैनीपुल – सिरसा मोटर मार्ग पर बारिश से हुए भूस्खलन से आवाजाही ठप है। गांव के बासिदों को हाइवे से गांव तक करीब ढाई किमी की दूरी पैदल ही नापनी पड़ रही है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। मोटर मार्ग पर आवाजाही ठप होने से गांव के करीब डेढ़ सौ परिवार परेशानी का सामना करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कई बार मलबा हटा मोटर मार्ग पर यातायात सुचारु किए जाने की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही है। अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बरसात में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्राम प्रधान इंदु जीना, कुबेर सिंह, नारायण सिंह जीना, राजेंद्र सिंह, बालमुकुंद सिंह जीना ने जल्द मोटर मार्ग से मलबा हटा यातायात शुरु करवाए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेताया है कि यदि अनदेखी की गई तो फिर गांव के लोगों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
