◾ प्राथमिक विद्यालय टूनाकोट की जर्जर छत के नीचे नौनिहाल ले रहे शिक्षा
◾ सुरक्षा के मद्देनजर कक्षाएं सुरक्षित स्थान पर संचालित करने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
समीपवर्ती टूनाकोट गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत चालीस नौनिहालों की जिंदगी पर बडा़ खतरा मंडरा रहा है बावजूद कोई सुध लेवा नहीं है। भाजपा मंडल महामंत्री सुनील मेहरा तथा स्थानीय लोगों ने विद्यालय की मरम्मत करने तथा कक्षाओं को सुरक्षित स्थान पर संचालित किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है ताकि खतरा टाला जा सके।
भुजान – रिची मोटर मार्ग पर स्थित टूनाकोट गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय की छत जर्जर हालत में पहुंच गई है। हालत यह है की छत का प्लास्टर गिरने से अब सरिया तक दिखने लगी है। बारिश में खतरा कई गुना बढ़ जा रहा है। विद्यालय में आसपास के चालीस नौनिहाल शिक्षा ग्रहण करने पहुंचते हैं। जिम्मेदारों की अनदेखी से नौनिहाल दरकती छत के नीचे शिक्षा लेने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार विद्यालय की छत की मरम्मत की मांग उठाई जा चुकी है पर कोई सुनवाई नहीं हो रही और खतरा लगातार बढ़ते ही जा रहा है। बारिश में चिंता और बढ़ जा रही है। भाजपा महामंत्री सुनील मेहरा व स्थानीय लोगों ने विद्यालय भवन व छत की मरम्मत कराए जाने के साथ ही कक्षाएं सुरक्षित स्थान पर संचालित करने की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की नौनिहालों की जिंदगी से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
