◾पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने लगाया उपेक्षा का आरोप
◾ मुख्य चिकित्साधिकारी को भेजा हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन
◾आंदोलन को दिया सप्ताह भर का अल्टिमेटम
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
सीएचसी बेतालघाट में सुविधाओं का अकाल तथा स्टाफ नर्सो के तबादले पर पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों का पारा चढ़ गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन भेज तत्काल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ ही स्टाफ नर्सों की तैनाती की मांग उठाई है। चेतावनी दी है कि सप्ताह भर के भीतर अगर व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो फिर अस्पताल परिसर में धरना शुरू किया जाएगा।
बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के ना होने तथा अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्सों के तबादले पर पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण शनिवार को सीएससी बेतालघाट जा धमके। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भागीरथी जोशी को ज्ञापन भेज कहा कि पहले ही अस्पताल में सुविधाओं की कमी है। दूरदराज से आने वाले गांव के बाशिंदे मजबूरी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूरदराज रुख कर रहे हैं। अल्ट्रासाउंड सुविधा ना होने से गर्भवती महिलाएं परेशान है ऐसे में अब दो स्टाफ नर्सों का तबादला कर दिया गया है जिससे सुविधाएं प्रभावित हो गई हैं। बगैर रिलीवर आए दोनों स्टाफ नर्सो को अस्पताल से रिलीव कर दिया गया है जो न्याय संगत नहीं है। चेतावनी दी कि सप्ताह भर के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो फिर अस्पताल परिसर में धरना शुरू किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य पूजा बुधोडी़, पूर्व ग्राम प्रधान दलीप सिंह नेगी, तारा भंडारी, केशर सिंह, किसन बुधोडी़, जगदीश गोस्वामी, हरीश पांडे, मदन गोस्वामी, दिनेश रावत, राजू फुलारा, प्रेम चंद्र, आदि मौजूद रहे।
