◾ उपखंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों के प्रधानाचार्य को दिया आदेश
◾ मानसून सत्र को देख नौनिहालों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया फैसला
◾ ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव ने विभागीय कार्यप्रणाली पर खड़े किए सवाल

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

मानसून सत्र में विद्यालय भवनों के खतरे में होने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बेतालघाट ब्लॉक के दस विद्यालयों में कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। फिलहाल कक्षाएं पंचायत घर व अन्य सुरक्षित भवनों में चलाई जाएंगी इसके लिए बकायदा बीइओ ने विद्यालय के प्रधानाचार्यो को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। सीईओ भूपेंद्र कुमार के अनुसार तत्काल कक्षाएं सुरक्षित स्थानों पर चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इधर ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव ने विभागीय कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है।

बरसात में बेतालघाट ब्लॉक के दस विद्यालयों को सुरक्षित स्थानों पर संचालित किया जाएगा। उप शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कुमार ने चिन्हित किए गए राजकीय प्राथमिक विद्यालय बजेडी़ धूरा, सुनस्यारी, ब्यासी, मल्लीपाली, सिमराड़, नैनीचैक, खैरना तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कैंची निगलाट, हरतपा तथा भवाली सैटोरियम को पंचायत घर या अन्य सुरक्षित स्थान पर संचालित करने के निर्देश प्रधानाचार्यो को दिए हैं। बीइओ भूपेंद्र कुमार के अनुसार मानसून सत्र में खतरे वाले स्थानों को चिन्हित कर तत्काल दूसरे सुरक्षित स्थानों पर संचालन किया जाएगा। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आरोप लगाया कि बरसात से पूर्व खतरे वाले विद्यालयों की मरम्मत की मांग उठाई गई पर कोई सुनवाई नहीं हो सकी और अब विद्यालय को दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित करने के आदेश जारी कर इतिश्री कर दी गई है।

error: Content is protected !!