◾ महत्वपूर्ण हाइवे तथा ग्रामीण सड़कों पर जलभराव में डूबे दावे
◾ निकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने से आवाजाही करने वाले लोगों ने झेली परेशानी
◾ विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर जताई गहरी नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
महत्वपूर्ण सड़कों की दुर्दशा से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से सड़कों पर जलभराव ने मुसीबत और बढा़ दी है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे के साथ ही ग्रामीण सड़कों पर भी जगह जगह जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़कों को गड्डे मुक्त करने के लाख दावे किए जाएं पर धरातल पर दावे खोखले साबित हो रहे हैं। सड़कों को गड्डे मुक्त तो नहीं किया जा सका पर बारिश में गड्ढे पानी युक्त जरूर हो गए जिससे आवाजाही करने वाले लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर कनवाडी़ की पहाड़ी के ठीक नीचे तथा भुजान बाजार क्षेत्र के समीप जलभराव ने मुसीबत खड़ी की वही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर भोर्या बैंड समेत कई अन्य स्थानों पर हाईवे पर पानी भरा रहा। आवाजाही करने वाले राहगीरों को भी फजीहत का सामना करना पड़ा। निकासी ना होने से सड़कों पर जगह-जगह जलभराव की स्थिति रही। तमाम गांवों को जोड़ने वाले रातीघाट – बेतालघाट, भुजान -बेतालघाट, वर्धो – भुजान समेत कई अन्य सड़कें जगह जगह बारिश के पानी से डूबी रही। लोगों ने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि समय पर महत्वपूर्ण सड़कों की सुध न लेने पर लोग परेशानी का सामना करने को मजबूर है।
