◾ पुल तक पहुंचने को रास्ता उपलब्ध न होने से चढा़ पारा
◾जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
कोसी नदी पार के तमाम गांवों को एक दूसरे से जोड़ने को कोसी नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से बनी पुल का लाभ न मिल पाने पर ग्राम प्रधान ने गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की पुल तो तैयार कर ली गई है पर पुल तक पहुंचने का रास्ता आज भी विवादों से घिरा हुआ है। ग्राम प्रधान ने जल्द समस्या का निराकरण किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है ताकी गांवों के वासिदों को पुल का लाभ मिल सके।
दरअसल बेतालघाट ब्लॉक के तिवाडी़गांव व घंघरेठी गांव को जोड़ने के लिए कोसी नदी पर लगभग 12 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 160 मीटर स्पान लंबाई का पैदल पुल बनकर तैयार हुआ है। पूर्व में घंघरेठी गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य धीरज मेहरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुल को गलत ढंग से तैयार किए जाने का आरोप लगाया। कहा की पुल के रैंप पर अधिक चढ़ाई तैयार करने से आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है अभी मामला शांत भी नहीं हो सका था कि अब ग्राम प्रधान कुंदन नेगी ने मोर्चा खोल दिया है आरोप लगाया की पुल पर आवाजाही ठप हो चुकी है। बताया की पुल तक पहुंचने वाले रास्ते तक ग्रामीणों ने खेत तैयार कर लिए हैं। विभागीय लापरवाही का खामियाजा आवाजाही करने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। रास्ता उपलब्ध ना होने से पुल शोपीस बन चुका है। ग्राम प्रधान ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो फिर गांव के लोगों को साथ लेकर धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
