◾ कोसी व शिप्रा नदी में नहाने, गंदगी फैलाने, हुड़दंग करने पर कसा शिकंजा
◾चेतावनी बोर्ड लगाने के बावजूद नदी पर पहुंचने वालों को लगाई फटकार
◾पुलिस ने किया अभियान और तेज करने का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
उत्तरवाहिनी शिप्रा व कोसी नदी में गहराई व भंवर वाले स्थानों पर नहाने उतरने वाले तथा हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ खैरना पुलिस ने शिंकजा कस दिया है। ऑपरेशन मर्यादा के तहत पुलिस ने 20 लोगों के चालान कर 59 सौ रुपये जुर्माना वसूला। कड़ी फटकार भी लगाई।
अल्मोड़ा हल्द्वानी के समीप रहने वाली कोसी व शिप्रा नदी में कई लोग डूब कर जान गंवा चुके हैं। बावजूद धड़ल्ले से लोग नदी में नहाने उतर रहे हैं। संभावित घटना को टालने के लिए चौकी प्रभारी खैरना दिलीप कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने मंगलवार को ऑपरेशन मर्यादा के तहत विशेष अभियान चलाया। नदी क्षेत्र में नहाने, गंदगी फैलाने तथा हुड़दंग करने वालों पर शिकंजा कसा गया। करीब 20 लोगों के चालान कर 59 सौ रुपये जुर्माना वसूला गया। चौकी प्रभारी ने नदियों में चेतावनी बोर्ड होने के बावजूद नदी में नहाने उतरने वालों को कड़ी फटकार भी लगाई। कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान एएसआई गिरीश चंद्र टम्टा, राजेंद्र सती, जगदीश धामी, प्रयाग जोशी, भावना आदि मौजूद रहे।
