◾ एक बारिश में ही पेंचवर्क उखड़ने पर व्यापारियों में रोष
◾विभागीय अधिकारियों को भी ठहराया जिम्मेदार
◾ हीलाहवाली पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
तमाम गांवों को जोड़ने वाले भुजान बेतालघाट मोटर मार्ग पर पांच लाख रुपये की लागत से किए गए पेंचवर्क कार्य के एक बारिश में उखड़ने पर लोगो ने गहरी नाराजगी जता जांच की मांग उठाई है। आरोप लगाया है की गुणवत्ताविहीन कार्य कर सरकारी बजट की खुलेआम बर्बादी की गई है। विभागीय अधिकारियों को भी बजट की बर्बादी के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
भुजान – बेतालघाट मोटर मार्ग पर कुंजगढ़ पुल से बचौडी़ गांव तक करीब दो किमी दायरे में लगभग पांच लाख रुपये की लागत से पेंचवर्क का कार्य किया गया। उम्मीद थी की लोगों को आवाजाही में राहत मिल सकेंगी पर एक ही बारिश में लोगों की उम्मीद धराशाई हो गई। पुल के समीप ही पेंचवर्क की परतें उखड़ने लगी तथा जलभराव हो गया। एक ही बारिश में लाखों रुपये के पेंचवर्क के दम तोड़ देने से स्थानीय लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की मिलीभगत से गुणवत्ताविहीन पेंचवर्क किया गया। विभागीय अधिकारियों को भी जिम्मेदार ठहरा कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलदीप खनायत, सुनील मेहरा, विरेंद्र सिंह, बिशन जंतवाल, मदन सिंह खनायत, रमेश सिंह आदि ने मामले की जांच कर सरकारी बजट की बर्बादी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि हीलाहवाली की गई तो फिर उग्र आंदोलन शुरु किया जाएगा।
