◾ 35 लाख रुपये की लागत से शुरु हुआ मरम्मत का कार्य
◾ दो वर्ष पूर्व आपदा से हुआ था भारी नुक्सान
◾ तब से अब तक ठप है उत्पादन, यूपीसीएल से हो रही आपूर्ति
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रामगाढ़ क्षेत्र में स्थित रामगाढ़ जल विद्युत परियोजना कि मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। जिला योजना से मिले लगभग 35 लाख रुपये से नहर व लाइनों की मरम्मत की जा रही है। उरेडा़ विभाग के अवर अभियंता के अनुसार कार्य पूरा कर जल्द उत्पादन शुरु करने का प्रयास किया जा रहा है।
दो वर्ष पूर्व अक्टूबर में मूसलाधार बारिश के बाद उफान में आए रामगाढ़ बरसाती गधेरे ने हाइवे पर स्थित जल विद्युत परियोजना को भारी नुकसान पहुंचाया। विद्युत लाइन, पोल, नहर तहस नहस कर डाली। योजना को नुकसान होने से जजूला, बारगल, कफूल्टा, गरजोली, जाख, बुधलाकोट, चौरसा समेत तमाम गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। आपूर्ति ठप होने से गांवों के वासिदों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गांवों को विद्युत आपूर्ति के साथ ही यूपीसीएल को भी बिजली बेची जाती पर उत्पादन ठप होने से उरेडा़ विभाग को भी नुकसान उठाना पड़ा। जनदबाव को देख गांवों में यूपीसीएल के जरिए बाइपास आपूर्ति सुचारू की गई। ग्रामीणों ने योजना को भी तत्काल दुरुस्त करने की भी मांग उठाई। अब जिला योजना से लगभग 35 लाख रुपये का बजट मिलने के बाद योजना को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया जा चुका है। पहले चरण में नहर मरम्मत व लाइन को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। योजना की मरम्मत का कार्य शुरु होने पर ग्रामीणों ने भी खुशी जताई है। उरेडा़ विभाग के अवर अभियंता एसआर गौतम के अनुसार जल्द कार्य पूरा कर विद्युत उत्पादन शुरु किए जाने का प्रयास किया जा रहा है ताकी गांवों के लोग लाभान्वित हो सकें।
