◾सप्ताह भर से बूंद बूंद पानी को तरस रहे कई परिवार
◾ पर्यटक आवास गृह में पर्यटक भी झेल रहे परेशानी
◾ व्यापारियों ने उठाई समस्या के स्थाई समाधान की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
खैरना क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पटरी से उतर चुकी है। आए दिन पेयजल संकट से क्षेत्रवासी परेशान है। सप्ताह भर से लोगों के घरों में नलों से पानी की बूंद तक नहीं टपकी है जिससे लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से पेयजल व्यवस्था में सुधार नही हो पा रहा है। कुछ दिन तक पानी की आपूर्ति होने के बाद हफ्तों तक पेयजल आपूर्ति ठप हो जा रही है। लोगों को दूरदराज से सिर पर पानी ढोना मजबूरी बन चुका है। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। पिछले सप्ताह भर से क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है कई परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि क्षेत्र में स्थित कुमाऊँ मंडल विकास निगम के पर्यटन आवास गृह में भी पर्यटक बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं। आए दिन पेयजल आपूर्ति ठप होने से क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। व्यापारी नेता बसंत गोस्वामी, बिशन जंतवाल, महेंद्र सिंह आदि ने क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति तत्काल दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। आरोप लगाया है की दो वर्षों से लगातार व्यवस्था चरमरा रही है। अस्थाई व्यवस्था कर आपूर्ति सुचारू कर इतिश्री कर दी जा रही है। व्यापारियों ने व्यवस्था में सुधार को ठोस उपाय किए जाने की मांग की है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि क्षेत्र की उपेक्षा की गई तो फिर तहसील मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
