◾ पांच से अधिक लोगों के किए जा चुके बयान दर्ज
◾ राजस्व पुलिस उपाधीक्षक का दावा जल्द होगा पर्दाफाश
◾ गैरखाल गांव में करंट से युवक की मौत का मामला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के गैरखाल गांव में खेत में छोड़े गए करंट की चपेट आकर हुई युवक की दर्दनाक मौत के मामले में राजस्व पुलिस घटना के लिए जिम्मेदार के करीब तक जा पहुंची है। अब तक पांच से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील ने दावा किया है की जल्द मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
गैरखाल गांव में बीते नौ अप्रैल को खेत में छोड़े गए करंट की तार की चपेट में आकर अर्जुन की दर्दनाक मौत हो गई थी। अर्जुन मवेशियों की खोज में निकला था की समीप ही बंजर खेत में हाईटेंशन लाइन से चोरी कर छोडे़ गए तार की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की। मामले को गंभीरता से ले एसडीएम पारितोष वर्मा ने भी जल्द खुलासे के निर्देश दिए। राजस्व उपनिरीक्षक धनियाकोट मोहम्मद शकील के अनुसार मामले को लेकर अब तक पांच से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर जिम्मेदार को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
