◾तमाम गांवों को जोड़ने वाला हली- हरतपा – नथुआखान मार्ग बदहाल
◾अनदेखी से दो वर्षों से लगातार बढ़ रहा खतरा
◾ मार्ग की हालत में सुधार न किए जाने पर लोगों में नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मोटर मार्ग बदहाली का दंश झेल रहे। गांव के वासिंदे जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हैं। खस्ताहाल मोटर मार्ग बड़ी घटना की ओर इशारा कर रहे है। पिछले दो वर्षों से हली – हरतपा – नथुवाखान मोटर मार्ग बद से बद्तर हालत में है बावजूद कोई सुधलेवा नहीं है।
गांवों को जोड़ने वाली सड़कों को चाक चौबंद करने के दावे तो खूब किए जाते हैं पर धरातल में दावे खोखले साबित हो रहे हैं। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले हली – हरतपा – नथुआखान मोटर मार्ग पिछले दो वर्ष पूर्व आई आपदा के बाद से ही खस्ताहाल है। सुरक्षित यातायात को लगे क्रश बैरियर हवा में झूल रहे हैं। जगह जगह गड्डे व धंसती सड़क दुघर्टना की ओर इशारा कर रही है बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही। तमाम गांवों के वासिंदे व पर्यटक भी इस मार्ग का इस्तेमाल आवाजाही में करते हैं। कास्तकार भी इसी मार्ग से उपज को इसी रोड से हाइवे तक पहुंचाते हैं पर मोटर मार्ग को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। आवाजाही कर रहे लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हैं। स्थानीय गोधन सिंह, डीके सती, तारा सिंह, विजय सिंह, दीवान सिंह आदि ने मोटर मार्ग को तत्काल दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
