◾ सड़क से 150 मीटर नीचे खाई की ओर पलटा वाहन
◾चापड़ – बलियाली – हिडा़म मोटर मार्ग की घटना
◾ जान गवाने वाले युवक के परिवार में मचा कोहराम
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले चापड़ – बलियाली – हिडा़म मोटर मार्ग पर वाहन असंतुलित होकर खाई की ओर जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार चालक समेत दो लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने वाहन में फंसे दोनों लोगों को बामुश्किल बाहर निकाला। उपचार के लिए सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे घायल का उपचार किया गया।
चापड़ – बलियाली – हिडा़म मोटर मार्ग पर गुरुवार देर शाम वाहन दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। ताड़ीखेत ब्लॉक के बयेडी़ गांव निवासी मोहित चंद्र पांडे वाहन में हिडा़म गांव निवासी नवीन कुमार आर्या (26) पुत्र किसन राम को लेकर हिडा़म गांव की ओर रवाना हुआ। दोनों गांव के नजदीक पहुंचे ही थे की एकाएक वाहन असंतुलित होकर मोटर मार्ग से 150 मीटर नीचे खाई की ओर पलटता चला गया। वाहन के गिरने की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। रेस्क्यू अभियान शुरू कर वाहन में फंसे नवीन व मोहित को बामुश्किल बाहर निकाल सड़क तक पहुंचाया। निजी वाहन से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने नवीन को मृत घोषित कर दिया जबकि मोहित का प्राथमिक उपचार किया गया। हादसे से मृतक नवीन के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
