◾ वर्ष 2016 में स्वीकृत मिलने के बाद सड़क बनी सपना
◾वन विभाग की अनापत्ति के बाद भी हसरत अधूरी
◾पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीणों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
सुयालबाडी़ – नथुआखान मोटर मार्ग स्थित छिमी गांव से मटेला होते हुए तौला भूमिया मंदिर तक स्वीकृत मोटर मार्ग को सात वर्ष का लंबा समय बीत जाने के बावजूद निर्माण न होने पर ग्रामीण मायूस हैं। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने विधायक सरिता आर्या को ज्ञापन सौंप सड़क निर्माण करवाए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी की यदि उपेक्षा हुई तो फिर गांव के वासिंदे आंदोलन को विवश होंगे।
सोमवार को ग्राम प्रधान युगल किशोर जोशी व प्रकाश चंद जोशी की अगुवाई में ग्रामीणों ने विधायक सरिता आर्या से मुलाकात की। ज्ञापन सौंप बताया कि 7 वर्ष पूर्व छिमी गांव से मटेला होते हुए तौला भुमिया देवी मंदिर तक रोड निर्माण को स्वीकृति मिली तब सड़क निर्माण को वन विभाग ने भी अनापत्ति दे दी बावजूद आज तक सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। आरोप लगाया कि कई बार मुद्दा उठाया जा चुका है बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही जिस कारण गांव के बाशिंदों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फल व सब्जी उत्पादक पट्टी होने के चलते किसानों को उपज को सिर में ढोकर सुयालबाडी़ – नथुआखान मोटर मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है। बीमारो व गर्भवती महिलाओं को डोली में अस्पताल पहुंचाना मजबूरी बन चुका है। गांव के पच्चीस से ज्यादा परिवार तमाम परेशानियों से जूझ रहे हैं पर सुध नहीं ली जा रही। ग्रामीणों ने विधायक से तत्काल मोटर मार्ग निर्माण करवाए जाने की मांग उठाई।चेताया की अब उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी यदि समय रहते महज चार किमी रोड निर्माण नहीं हो सका तो फिर गांव के बाशिंदों को साथ लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार होगी। विधायक सरिता आर्या ने पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों को सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान सुरेश चंद्र जोशी, मोहन चंद्र जोशी, अमरनाथ, हिमांशु, पंकज, कमलेश, कैलाश, प्रकाश चंद्र आदि मौजूद रहे।
