🔳 ग्राम प्रधान संगठन व कई प्रधानों ने तबादला निरस्त करने की उठाई मांग
🔳 भाजपा कार्यकर्ताओं व कई प्रधानों ने तबादले को ठहराया जायज
🔳 कनिष्ठ अभियंता की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
🔳 बेतालघाट में तैनात हैं कनिष्ठ अवर अभियंता
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक में तैनात ग्रामीण निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता के तबादले ने बबाल खड़ा कर दिया है। ग्राम प्रधान संगठन ने तबादले को निरस्त किए जाने की मांग उठाई है तो वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं व कई पंचायत प्रतिनिधियों ने कनिष्ठ अभियंता के तबादले को जायज ठहराया है। सीडीओ को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भेजकर कनिष्ठ अभियंता की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
ग्राम प्रधान संगठन से जुड़े ग्राम प्रधानों ने बैठक कर बेतालघाट में ग्रामीण विकास विभाग में तैनात कनिष्ठ अभियंता के तबादले पर गहरी नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि कनिष्ठ अभियंता ने विभागीय कार्यो को ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से पूरा किया है। उनके व्यवहार से क्षेत्र की जनता व पंचायत प्रतिनिधि संतुष्ट हैं कहा की तबादला होने से तमाम कार्य प्रभावित हो जाएंगे। एक स्वर में तबादला निरस्त किए जाने की मांग उठाई। संगठन अध्यक्ष जेडी कत्यूरा, उपाध्यक्ष कमल जंतवाल, ग्राम प्रधान मल्ला बर्धो आशा मेहरा , भगवती बिष्ट, दयाल सिंह नेगी, पूजा जोशी, हिमांशु, प्रेमा देवी, उमेश चंद्र, चंद्रशेखर, दीपक सिंह आदि ने सीडीओ अरविंद पांडे को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भेजकर तबादल निरस्त किए जाने की मांग उठाई है। वहीं भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व कई ग्राम प्रधानों ने कनिष्ठ अभियंता के तबादले को जायज ठहराया है। विधायक सरिता आर्या, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल व सीडीओ को हस्ताक्षरयुक्त पत्र भेजकर कनिष्ठ अभियंता की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की कनिष्ठ अभियंता जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते। अनेक कार्यों के एस्टीमेट तैयार करने में भी अनावश्यक विलंब करते हैं जिससे गांवों में विकास कार्य प्रभावित होते हैं। एक स्वर में कनिष्ठ अभियंता को हटाकर अनुभवी कर्मचारी की तैनाती की मांग उठाई है। उच्चाधिकारियों को भेजे पत्र में जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा, ग्राम प्रधान शीला बधानी, हरीश चंद्र, प्रेमा देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा, युवा मोर्चा अध्यक्ष नंदन चौधरी, महिपाल सिंह, बचे सिंह, राम सिंह, आन सिंह, बहादुर सिंह, नंदी खुल्बे, दीप चंद्र, गणेश दत्त, बिशन सिंह समेत तमाम लोगों के हस्ताक्षर हैं।




