🔳 श्रद्धालुओं को ठगने के लिए ठगों ने निकाला नया तरीका
🔳 इंटरनेट प्लेटफार्म पर वायरल की भंडारे की झूठी सूचना
🔳 बाबा भक्तों ने परिचितों से जुटाई जानकारी तो झूठा निकला मामला
🔳 श्रद्धालुओं ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

सुप्रसिद्ध कैंची धाम में भंडारे की झूठी सूचना इंटरनेट प्लेटफार्म पर भेजने के बाद भंडारे के लिए शुल्क मांगने की चर्चाओं से हड़कंप मच गया। खुद को रामेश्वर दास तथा मंदिर में आरती की जिम्मेदारी का हवाला देने वाले के विषय में जब बाबा भक्तों ने अन्य लोगों से जानकारी जुटाई तो सारा मामला झूठा निकला। बाबा भक्तों ने ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है‌। मंदिर ट्रस्ट के शैलेश साह ने भी श्रद्धालुओं से ऐसे किसी के भी झांसे में न आने की अपील की है।
कैंची क्षेत्र में पूर्व में होटल की ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर ठगी के मामले सामने आने के बाद अब ठगी करने वाले नए नए हथकंडे अपनाने लगे हैं। मंगलवार को इंटरनेट प्लेटफार्म पर कैंची धाम में विशाल भंडारे की सूचना पर बाबा भक्त सख्ते में आ गए। बरेली निवासी भक्त ने गरमपानी निवासी बाबा भक्त से मामले की जानकारी जुटाई तो वह भी हैरत में पड़ गए। बरेली निवासी भक्त को ऐसा कोई भी भंडारा न होने की जानकारी दी। एक अन्य भक्त को भी दूरभाष पर भंडारे की सूचना दे सहयोग राशि भेजने की बात कहीं गई। जानकारी लेने पर फोन करने वाले ने खुद का नाम रामेश्वर दास बताया तथा दो मंदिरों में 11 बजे की आरती का हवाला दिया। स्कैनर भेजकर जल्द सहयोग राशि भेजने की बात भी कही हालांकि बाबा भक्त ने परिचितों से जानकारी जुटाई तो सारा मामला झूठा निकला। ठगी के लिए नया तरीका निकालने का मामला दिन भर चर्चा का विषय बना रहा‌। बाबा भक्तों ने ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। मंदिर ट्रस्ट से जुड़े शैलेश साह ने श्रद्धालुओं से ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की है। कहा की ऐसे फोन आने पर तत्काल पुलिस को सूचना उपलब्ध कराए।