🔳 जाम की सबसे बड़ी वजह बन रहे गलत दिशा में खड़े वाहन
🔳 वाहनों के जहां तहां खड़े होने के बावजूद नहीं हो रही सख्त कार्रवाई
🔳 व्यवस्था से खिलवाड़ कर पुलिस प्रशासन को दी जा रही चुनौती
🔳 वाहनों को सीज किए जाने की उठी पुरजोर मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कैंची क्षेत्र में जाम से निपटने को रणनीति तैयार कर रहे हैं धरातल पर पुलिसकर्मी कड़ी धूप व भीषण गर्मी के बीच सुबह से शाम व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं बावजूद नो-पार्किंग जोन तथा गलत दिशा में वाहनों को पार्क कर अधिकारियों व पुलिस कर्मियों की मेहनत पर पानी फेर दिया जा रहा है। रह रह कर सवाल उठ रहा है की आखिर किसकी शह पर वाहनों को बेतरतीब ढंग से पार्क करवा व्यवस्था से खिलवाड़ किया जा रहा है।
कैंची में आए दिन लग रहे जाम से कुमाऊं के तमाम जनपदों के लोगों के साथ ही व्यापारी वर्ग परेशान हैं। कैंची क्षेत्र को पार करना बड़ी अग्नि परीक्षा के समान हो चुका है। पुलिस प्रशासन भी जाम की समस्या से निपटने को विशेष रणनीति तैयार करने में जुटा है। विशेष ट्रैफिक प्लान के जरिए जाम से निपटने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। डूयूटी में तैनात पुलिस के जवान भी भीषण गर्मी व तेज धूप में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं पर कैंची क्षेत्र में जगह जगह गलत दिशा में बेतरतीब ढंग से पार्क किए गए वाहन सारी मेहनत को बेकार कर दे रहे हैं। कैंची मुख्य बाजार के साथ ही तल्ला कैंची क्षेत्र में हाईवे पर पार्क किए गए वाहन जाम का कारण बनते जा रहे हैं। तल्ला कैंची क्षेत्र में निजी पार्किंग उपलब्ध होने के बावजूद वाहनों को हाईवे पर पार्क करवा व्यवस्था से खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। लंबे समय से बेतरतीब वाहनों से जाम की समस्या बनी हुई है पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने वाहनों को हाईवे पर गलत दिशा में बेतरतीब ढंग से पार्क करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने तथा वाहनों को सीज किए जाने पर जोर दिया है। यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा के अनुसार नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के लगातार चालान किए जा रहे हैं। अभियान में तेजी लाई जाएगी।
