🔳 वाहनों को छोड़ कई किमी दूर से बाबा के धाम पहुंच रहे श्रद्धालु
🔳 घंटों जाम की स्थिति से परेशान हो रहे यात्री व पर्यटक
🔳 हाईवे पर लग रही वाहनों की कई किमी लंबी कतार
🔳 आए दिन जाम की स्थिति से परेशान हो रहे लोग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में लगने वाले जाम का तमाम कोशिशों के बावजूद स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा। घंटों जाम के स्थित से पर्यटकों व यात्रियों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है वहीं अब जाम का खामियाजा कैंची धाम पहुंचने वाले बाबा भक्त भी भुगत रहे हैं। वाहनों की कतार के कारण श्रद्धालु अपने निजी वाहनों को कई किमी दूर पार्क कर करीब तीन से चार किमी पैदल दूरी नाप कैंची धाम पहुंचने को मजबूर हो चुके है।
सुप्रसिद्ध कैंची धाम में रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वाहनों की संख्या में इजाफा होने से जाम विकराल रुप लेता जा रहा है। सोमवार को भी हाईवे पर घंटों वाहन रेंगते रहे। पहाड़ की सैर पर निकले पर्यटकों तथा हाईवे पर आवाजाही करने वाले यात्रियों को जाम का खामियाजा भुगतना पड़ा। कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। सुबह तकरीबन सात बजे ही डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। दिन चढ़ने के साथ ही हालात बिगड़ते चले गए। पर्यटकों व यात्रियों के जाम से परेशान होने के बाद अब विभिन्न राज्यों से बाबा नींब करौरी आश्रम में मत्था टेकने पहुंचे बाबा भक्तों को भी जाम की समस्या से जूझना पड़ा। कई श्रद्धालुओं ने निगलाट से पैदल ही कैंची धाम पहुंचकर बाबा के दर पर मत्था टेक हनुमान चालीसा का पाठ किया। तीन से चार किमी पैदल दूरी नापकर कैंची धाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने भी जाम की समस्या का स्थाई समाधान न होने पर रोष जताया है। आरोप लगाया की लंबा समय बीतने के बावजूद जाम से निपटने को ठोस उपाय नहीं किए जा रहे जिसका खामियाजा आवाजाही करने वालों को भुगतना पड़ रहा है।
