🔳 शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग से सटे क्षेत्र की घटना
🔳 द्वाराहाट के कुनस्यारी गांव से हल्द्वानी को हुआ था रवाना
🔳 नहाने की जीद पड़ गई भारी, गंवाई जान
🔳 घटना स्थल से तीन किमी दूर बरामद हुआ शव
🔳 एसडीआरएफ व बेतालघाट पुलिस ने चलाया अभियान
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग के समीप बहने वाली कोसी नदी में नहाने उतरे एजुकेशन हवलदार के डूबने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस बेतालघाट व एसडीआरएफ छड़ा ईकाई की टीम ने खोजबीन अभियान चलाया पर घंटों तक नदी में डूबे एजुकेशन हवलदार का कुछ पता नहीं चल सका। नदी का बहाव तेज होने से रेस्क्यू अभियान में भी काफि दिक्कतें आई। ग्रामीणों की सूचना पर घटना स्थल से करीब तीन किमी दूर डूबे व्यक्ति का शव दिखने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ ने बामुश्किल शव को बाहर निकाला।
शुक्रवार को द्वाराहाट ब्लॉक के कुनस्यारी गांव निवासी पृथ्वी पाल सिंह (40) पुत्र त्रिलोक सिंह गांव के दो अन्य लोगों व अपने साथ वर्षीय बेटे ओम को लेकर टैक्सी वाहन से हल्द्वानी की ओर रवाना हुए। पृथ्वीपाल सिंह वर्तमान में सेना में एजुकेशन हवलदार के पद पर भटिंडा, पंजाब में तैनात हैं। बीते दिनों व छुट्टी में गांव पहुंचे थे। शनिवार को उनको हल्द्वानी से दिल्ली को रवाना होना था। खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर भुजान क्षेत्र में पहुंचने पर पृथ्वीपाल सिंह ने साथियों से कोसी नदी में नहाने की इच्छा जताई पर दोस्तों ने नदी का बहाव तेज होने का हवाला दे नहाने से मना कर दिया पर एजुकेशन हवलदार ने जिद पकड़ ली तथा वाहन को शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग की ओर मुड़वा लिया। मोटर मार्ग पर वाहन रोक साथियों से भी नदी क्षेत्र में चलने को कहा तथा बेटे ओम को भी साथ ले गए। पृथ्वी पाल सिंह नदी में नहाने उतर गए पर नदी के बहाव में वह खुद को संभाल नहीं सके और नदी में डूबते चले गए। एजुकेशन हवलदार को डूबता देख साथियों की चीख पुकार मच गई। सूचना पर पातली निवासी बालम सिंह नेगी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी। आनन फानन में एसडीआरएफ छड़ा ईकाई व थाना पुलिस बेतालघाट की टीम मौके पर पहुंची तथा खोजबीन अभियान शुरु किया। घंटों तक खोजबीन के बाद भी डूबे एजुकेशन हवलदार का कुछ पता नहीं चल सका। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने घटनास्थल से करीब तीन किमी दूर नदी में शव बहने की सूचना दी। सूचना पर एसडीआरएफ व पुलिस की टीम मौके की ओर रवाना हुई। रेस्क्यू टीम ने बामुश्किल शव को कोसी नदी से बाहर निकाला। मृतक के स्वजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार स्वजनों के पहुंचने के बाद शव पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम को भेजा जाएगा।
