🔳 विधी विधान से हुआ महालक्ष्मी पूजन
🔳 बाजार क्षेत्रों में भीड़ उमड़ने से व्यापारियों के चेहरे भी खिले
🔳 आतिशबाजी से गुंजायमान हुआ समूचा क्षेत्र
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
गरमपानी डेस्क : दीपावली का महापर्व कोसी घाटी में हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। कई दिनों से चल रही तैयारियों के बाद त्योहार के दिन पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। बाजार क्षेत्रों में भीड़ उमड़ने से व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे। शाम को विधि विधान से महालक्ष्मी पूजन हुआ। पूरा क्षेत्र आतिशबाजी से गुंजायमान हो उठा।
रविवार को स्थानीय लोगों ने सुबह से ही अपने घरों की साफ-सफाई की और शाम होते-होते घरों को रंग-बिरंगी लाइटों, दीयों, मोमबत्तियों व आकर्षक रंगोली से सजाया। दुकानों और मंदिरों में भी विशेष सजावट की गई थी। शाम को घर-घर में मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर मिठाई और उपहार बांटे तथा दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों में पटाखों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। स्वजनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। बाजारों में दिनभर खरीदारी के लिए भारी भीड़ रही। मिठाई, फल, पूजा सामग्री और सजावटी सामान की दुकानों पर रौनक बनी रही।मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ उमड़ी और देर रात तक पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन चलता रहा। पूरे क्षेत्र में दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित व आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुआ। लोगों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटकर त्यौहार को यादगार बना दिया। शाम को आतिशबाजी से नजारा देखने लायक रहा।
