🔳 अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर छड़ा क्षेत्र की घटना
🔳 वन विभाग ने शव कब्जे में ले पोस्टमार्टम को भेजा
🔳 शावक की मौत से दहशत में आए क्षेत्रवासी
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने गुलदार के शावक को चपेट में ले लिया। दुर्घटना में शावक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। शावक की मौत से छड़ा व आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण दहशत में आ गए हैं।
गुरुवार को हाईवे पर छड़ा बाजार के समीप तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे पर तब तक शावक की मौत हो चुकी थी। शावक को चपेट में लेने वाला वाहन चालक भी मय वाहन मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने दुर्घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार के शावक के शव को कब्जे में ले लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर लेकर रवाना हो गए। घटना से स्थानीय लोगों में दहशत व्याप्त है। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी के अनुसार शावक नर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टक्कर मारने वाले चालक का भी पता लगाया जाएगा।
