🔳 मेधावियों की शिक्षा, जरुरतमंदों के उपचार, विवाह समेत अन्य कार्यों के लिए उपलब्ध कराई मदद
🔳 पूर्व में भी स्कूलों को शैक्षणिक सामग्री व जरुरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराता आया है ट्रस्ट
🔳 विभिन्न संगठनों ने ट्रस्ट का किया आभार व्यक्त
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
विद्यालयों में शैक्षणिक सामग्री तथा जरुरतमंदों को खाद्यान्न सामग्री व अन्य जरुरत की सामग्री उपलब्ध कराने के बाद अब कैंची धाम ट्रस्ट ने गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता, उपचार तथा मेधावी बच्चों की शिक्षा के लिए साढ़े सत्रह लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई है। मदद के रुप में धनराशि उपलब्ध कराए जाने पर विभिन्न संगठनों ने ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया है।
जरुरतमंदों की मदद को कैंची आश्रम ट्रस्ट हमेशा से मदद को हाथ आगे बढ़ाते आया है। कई स्कूलों को विद्यार्थियों के लिए शिक्षण सामग्री के साथ ही सर्दियों में जरुरतमंदों को कंबल तथा खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराने के बाद अब विभिन्न गांवों के जरुरतमंद परिवारों को सहायता के तौर पर धनराशि उपलब्ध कराई गई है। ट्रस्ट प्रबंधन के अनुसार ग्राम पंचायत छड़ा खैरना की कमला देवी को पुत्री की विवाह के लिए पचास हजार तथा चौरसा गांव के उमराव सिंह अधिकारी को पच्चीस हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। बेटियों की शिक्षा के लिए गरमपानी निवासी रीना राठौर को 4.15 लाख, इनाड़ गांव निवासी जानकी देवी को तीस हजार, पांडे गांव (भीमताल) की खूशबू पलड़िया को बीस, मल्लाकोट की दीपा देवी को ही बीस तथा विनिता देउपा को 31 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। पुत्र के उपचार के लिए तल्ला गेठिया की ममता पांडे को दो लाख, शाश्वत बोरा को उपचार के लिए ढाई, मझेड़ा निवासी गीता देवी को उपचार के लिए दो लाख, बजेडी गांव की दीपा देवी को पति के उपचार के लिए 1.20 लाख, बेतालघाट के अमेल गांव की गीता गोस्वामी को पति के उपचार के लिए एक लाख, चौबटिया निवासी गौरव सिंह को पचास हजार तथा राहुल सिंह राणा को भाई के उपचार के लिए ढाई लाख की सहायता उपलब्ध कराई गई है। ट्रस्ट प्रबंधन ने भविष्य में भी जरुरतमंदों की मदद करने का भरोसा दिलाया है। विभिन्न राजनीतिक, गैर-राजनीतिक, व्यापारिक तथा स्वयंसेवी संगठनों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने जरुरतमंदों की मदद के लिए धनराशि उपलब्ध कराए जाने पर कैंची आश्रम ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया है।




