🔳 तीन महीने पहले टेंडर प्रक्रिया के बाद अब तक नहीं बदले हालात
🔳शहीद के गांव के लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर
🔳 कई बार उठ चुकी मांग, अधिकारियों की नहीं टूट रही नींद
🔳 अब विभाग ने कार्यदाई संस्था को नोटिस भेज की इतिश्री
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग के लिए दस करोड़ रुपये के भारी भरकम बजट को स्वीकृति मिलने तथा तीन माह पूर्व टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाने के बावजूद अब तक कार्य की प्रगति शून्य है। खस्ताहाल सड़क पर गांवों के लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं।
कारगिल युद्ध में देश की आन बान शान के लिए अपना सर्वोच्च न्यौछावर करने वाले जांबाज वीर सपूत शहीद बलवंत सिंह मेहरा के गांव को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क बद से बद्तर हालत में पहुंच गई है। जगह जगह दुर्घटना का खतरा बना हुआ है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। यह हालत तब है जब सड़क की हालत में सुधार को राज्य सरकार दस करोड़ रुपये के भारी भरकम बजट को स्वीकृति दे चुकी है। तीन महीने पहले टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कराई जा चुकी है बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों व ग्रामीण कई बार नाराजगी भी जता चुके हैं बावजूद अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। आक्रोशित लोगों ने अब जल्द सड़क की हालत में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दे डाली है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार संबंधित कार्यदाई संस्था को नोटिस भेज जल्द कार्य शुरु करने को निर्देशित किया गया है। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बीस जून से कार्य शुरु कर दिया जाएगा।

error: Content is protected !!