🔳 भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
🔳 निर्माण कार्य गतिमान होने व बगैर बिल्डिंग हस्तांतरण के संचालन पर जताई नाराजगी
🔳 जल्द संचालन बंद कर निर्माण पूरा किए जाने पर दिया जोर
🔳 अनदेखी किए जाने पर तहसील में धरने का ऐलान
[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

सुप्रसिद्ध कैंची धाम में बगैर टेंडर प्रक्रिया के मल्टीस्टोरी पार्किंग का संचालन किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। विभिन्न संगठनों के आपत्ति जताने के बाद अब भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष ने सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट पर मनमानी किए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त कर सीएम से उद्घाटन कराए जाने के बाद टेंडर प्रक्रिया कराए जाने की मांग उठाई है‌। कहा की जल्द ही मामले को जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास के समक्ष भी रखा जाएगा।
कैंची व अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे को जाम से मुक्त करने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को राज्य सरकार ने कैंची धाम में मल्टीस्टोरी पार्किंग, ओम ब्रिज, पाथवे, बाढ़ सुरक्षा समेत तमाम कार्यों के लिए करोड़ों रुपये का बजट स्वीकृत किया है। मल्टीस्टोरी पार्किंग के निर्माणाधीन होने व बगैर बिल्डिंग हस्तांतरण व उद्घाटन के बावजूद आनन फानन में निजी हाथों में सौंपे जाने पर विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह बोहरा ने विभागीय अधिकारियों के मिलीभगत से पार्किंग निजी हाथों में सौंपने का आरोप लगा तत्काल संचालन बंद किए जाने की मांग उठाई है। सवाल उठाए की आखिरी किसकी शह पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उद्घाटन किए बगैर पार्किंग का संचालन शुरु कर दिया गया। पार्किंग का निर्माण कार्यों में तेजी लाने के बजाए आखिर क्यों संचालन शुरु कर दिया गया। मंडल अध्यक्ष ने बताया की अधिकारियों की मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द ही मामले को प्रभारी मंत्री खजान दास के सामने रखकर कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी। दो टूक कहा की टेंडर प्रक्रिया अपनाकर सभी को मौका न दिए जाने पर श्री कैंची धाम तहसील में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

error: Content is protected !!