🔳 ब्यासी गांव की अनुष्का ने राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह की पक्की
🔳 ब्लॉक, जिला व राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
🔳 बेटी की सफलता पर गांव में दौड़ी खुशी की लहर
🔳 जीआइसी धनियाकोट में 11वीं कक्षा में है अध्ययनरत हैं ऑलराउंडर
🔳 अंडर 17 आयु वर्ग में जम्मू कश्मीर में होने वाली प्रतियोगिता में करेगी प्रतिभाग
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
गरमपानी डेस्क : प्रतिभा किसी बड़े शहर व संसाधनों की मोहताज नहीं होती। बस मेहनत, लग्न व आत्मविश्वास से सफलता हासिल की जा सकती है। यह साबित कर दिखाया है बेतालघाट ब्लॉक के ब्यासी गांव निवासी अनुष्का ने। राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन के दम पर गांव की बेटी ने राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह पक्की कर ली है। होनहार की सफलता पर गांव में खुशी की लहर है। अनुष्का 14 नवंबर को जम्मू कश्मीर में होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
जीआइसी धनियाकोट में अध्ययनरत ब्यासी गांव निवासी ख्याली राम की होनहार बेटी अनुष्का ने राष्ट्रीय स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में जगह बनाकर गांव व विद्यालय का मान बढ़ाया है। गांव से रोजाना दो किमी की दूरी पैदल दूरी तय कर विद्यालय पहुंचकर पढ़ाई के साथ साथ गेंदबाजी व बल्लेबाजी में भी हाथ आजमाए। क्रिकेट की ऐसी धुन सवार हुई की अनुष्का विद्यालय से घर पहुंचने के बाद बंजर खेतों में भी अभ्यास में जुट गई। परिणाम स्वरूप पहले ब्लॉक फिर जिला व अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के दम पर अनुष्का ने राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाकर साबित कर दिया की प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। अनुष्का की सफलता पर पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। अनुष्का के अनुसार राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करना लक्ष्य है। कहती हैं कि एक दिन देश की टीम से खेलना उनका सपना है। इस सपने को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करेगी। सफलता का श्रेय अपने कोच, विद्यालय के गुरुजनों व माता पिता को दिया है। ग्राम प्रधान विमला आर्या व राजेंद्र कुमार ने गांव की बेटी की सफलता पर खुशी व्यक्त कर अनुष्का के उज्जवल भविष्य की कामना की है। ग्राम प्रधान विमला ने उम्मीद जताई है कि अनुष्का राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।
