🔳 खुद के खर्चे से जेसीबी मशीन मंगाकर शुरु करवाया कार्य
🔳 पीएमजीएसवाई विभाग की अनदेखी पर जताई नाराजगी
🔳 बुधलाकोट – चौरसा – कफूल्टा मोटर मार्ग पर जगह जगह मंडरा रहा खतरा
🔳 विभाग ने अस्थाई रास्ता तैयार करने के बाद कर दी इतिश्री
[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
गरमपानी डेस्क : अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र से फल व सब्जी उत्पादक तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण बुधलाकोट – चौरसा – कफूल्टा मोटर मार्ग के बरसात में बंद होने के बाद पीएमजीएसवाई विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के महज आवाजाही लायक खोलने के बाद पलटकर न देखने व कई बार आवाजाही सुरक्षित किए जाने की मांग के बावजूद अनदेखी से परेशान ग्राम प्रधान ने खुद ही कदम बढ़ाकर संबंधित विभाग को आइना दिखा दिया है। ग्राम प्रधान ने व्यक्तिगत खर्चे से जेसीबी मशीन की मदद से सड़क पर सुरक्षित आवाजाही के लिए जुट गए हैं।
बुधलाकोट – चौरसा – कफूल्टा मोटर मार्ग से बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को ग्रामीण आवाजाही करते हैं। फल व सब्जी उत्पादक किसान भी इसी मार्ग से उपज को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तक पहुंचाते हैं। बरसात में मोटर मार्ग पर जगह जगह भूस्खलन से आवाजाही ठप हो गई। मोटर मार्ग के रख रखाव का जिम्मा संभालने वाले पीएमजीएसवाई विभाग ने जेसीबी मशीनों की मदद से वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थाई रास्ता तैयार कर लिया पर बाद में सड़क की ओर देखने की जहमत तक नहीं उठाई। कई स्थानों पर वाहन चालकों को मलबे के ढेर के उपर से बनाए अस्थाई रास्ते से वाहनों को गुजारना पड़ रहा है जिसमें बेहद जोखिम बना हुआ है। वाहनों के खाई की ओर पलटने का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। अब कुछ ही दिनों बाद गांव में कई परिवारों में शादियां भी है ऐसे में शादी विवाह का सामान व बारात की गाड़ियों के जोखिम भरे मार्ग से आवाजाही कराना सबसे बड़ी चुनौती व चिंता बन गई। समस्या व लगातार बढ़ते खतरे को देख ग्राम प्रधान किशोर ढैला ने कई बार विभागीय अधिकारियों से खतरा टालने को गुहार लगाई बावजूद अनदेखी कर दी गई है। गांवों के लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। तंत्र की उपेक्षा से मायूस होने के बाद ग्राम प्रधान किशोर ढैला ने खुद ही मोटर मार्ग से खतरा टालने व जगह जगह इकठ्ठा मलबे को हटाने का निर्णय लिया। गुरुवार को ग्राम प्रधान ने खुद के खर्चे से लोडर मशीन बुलाकर मोटर मार्ग पर आवाजाही सुरक्षित किए जाने को कार्य शुरु कर दिया। ग्राम प्रधान किशोर ने पीएमजीएसवाई विभाग की उपेक्षा पर गहरी नाराजगी भी जताई। क्षेत्रवासियों ने जनहित में उठाए गए कदम पर ग्राम प्रधान की सराहना की है।
