🔳 वाहनों की कतार से परेशान हुए स्थानीय लोग
🔳 घरों को रवाना हुए लोगों ने भी झेली फजीहत
🔳 व्यापारियों ने जाम के स्थाई समाधान की उठाई मांग
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट] ]]]]]
गरमपानी डेस्क : अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र दिन-प्रतिदिन जाम का बाजार बनता जा रहा है। धनतेरस के दिन भी बाजार क्षेत्र में दिनभर में कई बार जाम की स्थिति बनी रही। त्यौहार पर घरों को जा रहे लोगों को जाम के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने जाम की समस्या के स्थाई समाधान की मांग उठाई है।
शुक्रवार को धनतेरस पर आसपास के गांवों से लोग गरमपानी – खैरना बाजार क्षेत्र में खरीददारी को पहुंचे। बाजार क्षेत्र में चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे पर बाजार क्षेत्र में कई बार जाम लगने से छोटे बड़े वाहनों की कतार लगने से खरीददारी को पहुंचे लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा जबकि बाजार क्षेत्र में पैदल आवाजाही करने वाले लोग भी परेशान रहे। वाहनों की कतार लगने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार खैरना ईकाई के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी ने त्यौहार पर भी जाम की समस्या पर नाराजगी जताई। कहा कि बाजार क्षेत्र में जहां तहां बेतरतीब ढंग से वाहनों को पार्क करने व बड़े बड़े बोर्ड लगा दिए जाने से जाम तो लग ही रहा है पैदल आनाजाना तक दूभर हो गया है। देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, सुनील मेहरा, बिशन सिंह जंतवाल, प्रेम नाथ गोस्वामी, संजय सिंह बिष्ट आदि ने भी जाम की समस्या का स्थाई समाधान किए जाने की मांग उठाई है।
