🔳 उपजिलाधिकारी ने स्टोन क्रशर व पट्टा संचालकों को दिए निर्देश
🔳 शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग का किया निरीक्षण
🔳 मार्ग पर किए जा रहे कार्यों का भी लिया जायजा
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन व लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग का निरीक्षण किया। मोटर मार्ग पर किए जा रहे कार्यों को तय समय पर पूरा करने के निर्देश कार्यदाई संस्था को दिए साथ ही स्टोन क्रशर व पट्टा संचालकों को मार्ग पर पानी छिड़काव की समुचित व्यवस्था को कहा। अनदेखी पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
गुरुवार को उपजिलाधिकारी मोनिका की अगुवाई में प्रशासन व लोनिवि की टीम ने शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग का जायजा लिया। मोटर मार्ग पर किए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। एसडीएम ने तय समय पर गुणवत्तायुक्त कार्यो के निर्देश दिए। मोटर मार्ग पर उपखनिज से लदे बड़े वाहनों के चलने से उड़ रही धूल से परेशान ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से पानी छिड़काव करवाने की मांग की। मामले को गंभीरता से ले उपजिलाधिकारी मोनिका ने क्षेत्र में स्थित स्टोन क्रशर व उपखनिज पट्टा संचालकों को मोटर मार्ग पर पानी छिड़काव की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए। चेताया की अनदेखी पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी, राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल, राजस्व उपनिरीक्षक सुरेश सनवाल समेत लोनिवि के अधिकारी मौजूद रहे।
