🔳 टक्कर मारने वाला चालक मय कार मौके से हुआ फरार
🔳 स्थानीय लोगों ने लहुलुहान हालत में बुजुर्ग को पहुंचाया अस्पताल
🔳 प्राथमिक उपचार के बाद किया गया हायर सेंटर रेफर
🔳 स्थानीय लोगों व स्वजनों ने कार चालक के खिलाफ उठाई कार्रवाई की मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर बुजुर्ग महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग को लहुलुहान हालत में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। बुजुर्ग को टक्कर मारने वाला चालक मय कार मौके से फरार हो गया।
बुधवार को बेतालघाट ब्लॉक के बांसगांव निवासी बुजुर्ग जानकी देवी अपनी नातिन काजल को लेकर आवश्यकीय कार्य के लिए खैरना बाजार पहुंची। कार्य निपटाने के बाद दोनों गांव की ओर रवाना होने के लिए टैक्सी स्टैंड के समीप पहुंची ही थी की बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मारी दी। कार की टक्कर से बुजुर्ग हाईवे पर जा गिरी। गनीमत रही की नातिन बाल बाल बच गई। दुर्घटना की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। कार चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया। लोगों ने बुजुर्ग को लहुलुहान हालत में सीएचसी गरमपानी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने बगैर समय गवांए बुजुर्ग का उपचार शुरु किया। पैर में गंभीर चोट होने से बुजुर्ग को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। सूचना पर बुजुर्ग के स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। बुजुर्ग को टक्कर मारने वाले कार चालक की तलाश भी शुरु कर दी गई है। स्वजनों व स्थानीय लोगों ने भी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
