🔳 जगह जगह पहाड़ियों से पत्थर गिरने से आवाजाही हुई खतरनाक
🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हुए लोग
🔳 खैरना में बरसाती नाली के बंद होने से दुकानों में घुसा पानी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
मध्यरात्रि हुई बारिश से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे, खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे समेत ग्रामीण सड़कों पर जगह जगह जलभराव की स्थिति बनी रही। कई जगह पहाड़ियों से रुक रुक कर पत्थर गिरने से आवाजाही भी खतरनाक हो गई। दोपहर तक हुई तेज बारिश से जनजीवन भी प्रभावित रहा।
कई दिनों बाद हुई बारिश से तापमान में गिरावट के साथ ही जंगलों में धधक रही आग भी बुझ गई। रविवार मध्य रात्रि से शुरु हुई मूसलाधार बारिश सोमवार को दोपहर तक जारी रही। बारिश से रानीखेत पुल तक खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर भुजान व आसपास के क्षेत्रों में जलभराव हुआ। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी, खैरना बाजार, रातीघाट बेतालघाट, भुजान बेतालघाट समेत कई अन्य ग्रामीण सड़कों पर जलभराव से आवाजाही करने वाले लोग परेशान रहे। कई जगह पहाड़ियों से पत्थरों के गिरने से वाहन चालक जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर रहे। खैरना बाजार क्षेत्र में बरसाती नाली के जगह जगह बंद होने से बारिश का पानी हाईवे पर बहता हुआ कई लोगों की दुकानों तक में जा घुसा। बारिश के बीच लोगों ने नाली की सफाई की। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण रानीखेत पुल पर जलभराव व गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में जलभराव की समस्या के निदान को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।
