🔳 पंचायत प्रतिनिधियों ने अपर संयुक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
🔳 सीएचसी में अल्ट्रासाउंड सेवा व विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती पर भी दिया जोर
🔳 चार सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा किए जाने की उठाई मांग
🔳 जल्द ठोस कदम न उठाए जाने पर भूख हड़ताल की दी चेतावनी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के पंचायत प्रतिनिधियों ने अपर संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंप सीएचसी बेतालघाट में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती व बेतालघाट का नाम परिवर्तित कर ऐतिहासिक व धार्मिक पहचान को ध्यान में रख बेतालेश्वर किए जाने समेत चार सूत्रीय मांग उठाई है। चेताया है कि पंद्रह दिनों में ठोस निर्णय न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को जिला पंचायत सदस्य संजय बोहरा की अगुवाई में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपर संयुक्त मजिस्ट्रेट दिव्यांश मीणा से मुलाकात की। क्षेत्र की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर चार सूत्रीय मांगों के संबंध में ज्ञापन सौपा। ज्ञापन के माध्यम से बेतालघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराए जाने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, सेठी–धारीकोट गांव के तोक कोटाधारिया तक मोटर मार्ग का निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग-71 के हॉटमिक्स कार्य में तेजी लाने, रामनगर से भण्डारपानी से अमगढ़ी बोहरकोट, गोरियादेव , डान परेवा, तल्ली सेटी से बेतालघाट भुजान आदि क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्गों पर हॉटमिक्स कार्य शीघ्र पूरा करने तथा बेतालघाट का नाम परिवर्तन कर ऐतिहासिक व धार्मिक पहचान को ध्यान में रखते हुए बेतालेश्वर किए जाने की मांग उठाई। पंद्रह दिनों के भीतर मांगों पर ठोस निर्णय न लिए जाने पर सीएचसी बेतालघाट परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरु करने की चेतावनी दी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अंकित साह , जिला पंचायत सदस्य भवाली गांव यशपाल आर्या, ग्राम प्रधान तल्ली सेठी प्रताप गोस्वामी, यूकेडी ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।
