🔳 बेतालघाट पहुंचकर जीजीआइसी में किया पदभार ग्रहण
🔳 पूर्व में सात शिक्षिकाओं के तैनाती के हुए हैं आदेश
🔳 अभिभावकों व छात्राओं के जूलूस निकाल बीइओ कार्यालय के घेराव से सख्ते में शिक्षा विभाग
🔳 सीईओ ने चेताया – आदेशों के पालन की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट स्थित जीजीआइसी में महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं की तैनाती को लेकर अभिभावकों व छात्राओं के सड़क पर उतर नारेबाजी करने तथा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के घेराव के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। आनन फानन में तीन शिक्षिकाओं ने तैनाती ले ली है वहीं मुख्य शिक्षा अधिकारी ने भी सख्त रुख अपना लिया है। पूर्व में हुए आदेश के बावजूद पदभार ग्रहण न करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई है। सीईओ ने चेताया है कि आदेशों का पालन न करने वालों को भविष्य में गेस्ट टीचर के रुप में नहीं लिया जाएगा।
बेतालघाट स्थित जीजीआइसी में महत्वपूर्ण विषयों के नौ प्रवक्ताओं के पद रिक्त पड़े होने से गुस्साए अभिभावकों व छात्राओं के मुख्य बाजार क्षेत्र में जुलूस निकाल खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव करने का मामला तूल पकड़ गया है। बीते रोज अभिभावकों व छात्राओं ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर गहरा रोष जताया। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग पर छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ किए जाने का आरोप लगा गहरी नाराजगी भी जताई। अभिभावकों व छात्राओं के सड़क पर उतरने से शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया। शुक्रवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी आरएस नेगी के सख्त रुख अपनाने व पूर्व में हुए आदेशों के तहत हिंदी की प्रवक्ता तथा एलटी में व्यायाम व हिंदी विषय की शिक्षिका ने आनन फानन में विद्यालय में पदभार ग्रहण कर लिया। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने पूर्व में हुए आदेशों के तहत अन्य शिक्षिकाओं को भी विद्यालय में तैनाती ग्रहण करने को निर्देशित किया है। चेताया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों को भविष्य में गेस्ट टीचर के रूप में शिक्षा विभाग में शामिल नहीं किया जाएगा। सीइओ के सख्त रुख अपनाए जाने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। इधर अभिभावकों ने जल्द महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!