🔳 सुरक्षा दीवार ध्वस्त होने से आवासीय भवन पर मंडराया खतरा
🔳 प्रभावित परिवार ने छोड़ा घर, किराए के कमरे में ली शरण
🔳 हाईवे पर चौड़ीकरण कार्य के बाद अब ध्वस्त होती जा रही सुरक्षा दीवारें
🔳 चोपड़ा में तीखे मोड़ पर बड़े हिस्से में उधड़ी हाईवे की परत
🔳 आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे वाहन बावजूद एनएच विभाग बेसुध
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर चोपड़ा क्षेत्र में चौड़ीकरण कार्य के बाद घटिया निर्माण कार्यों का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सुरक्षा दीवार के ध्वस्त होने से खतरे की जद में आने एक परिवार अपना आशियाना तक छोड़कर किराए के कमरें में शरण लिए हुए है। एनएच के अफसरों से गुहार लगाने के बावजूद प्रभावित परिवार का कोई सुधलेवा नहीं है। वहीं तीखे मोड़ पर हाईवे की परतें उधड़ने से लगातार दुर्घटना सामने आ रही है पर एनएच प्रशासन अनदेखी पर आमादा है।
हाईवे पर काकड़ीघाट से क्वारब तक करोड़ों रुपये के भारी भरकम बजट से चौड़ीकरण कार्य किया गया। करोड़ों रुपयों के बजट से सुरक्षा दीवारों का निर्माण भी किया गया पर अब एक के बाद एक सुरक्षा दीवारें धराशाई होती जा रही है जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। हाईवे पर चोपड़ा क्षेत्र में घटिया सुरक्षा दीवार के ध्वस्त होने से आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। स्थानीय देवेश पांडे के मकान के अंदर जगह जगह गहराई दरारों से दहशत में आए परिवार ने अपना आशियाना तक छोड़ दिया है। परिवार के छह सदस्य नजदीक ही किराए के कमरे में कड़ाके की ठंड में दिन काटने को मजबूर हो चुके हैं। भवन स्वामी देवेश के अनुसार एनएच विभाग के अधिकारियों से आवासीय भवन पर मंडरा रहे खतरे को टालने के लिए कई बार गुहार लगाई जा चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। परिवार के सदस्यों की जिंदगी बचाने को किराए के एक कमरे में शरण लेना मजबूरी बन चुका है। स्थानीय भास्कर तिवारी के अनुसार तीखे मोड़ पर धंसाव बढ़ने से हाईवे बड़े हिस्से में उधड़ता जा रहा है। आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं बावजूद एनएच विभाग अनदेखी पर आमादा है। आरोप लगाया की सुरक्षा कार्य ध्वस्त होते जा रहे हैं पर विभाग अनदेखी पर आमादा है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज दानी, कुबेर सिंह जीना, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी आदि ने एनएच विभाग से आवासीय भवन पर मंडरा रहे खतरे को टालने तथा हाईवे को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। चेताया की यदि अनदेखी की गई तो जनांदोलन शुरु किया जाएगा। श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका के अनुसार एनएच विभाग को आवासीय भवन से खतरा टालने को निर्देशित किया जाएगा। सुरक्षा दीवार के निर्माण को कहा जाएगा। अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
