🔳 पूर्व में हुई बारिश से खेत में ही सड़ गई दाल की उपज
🔳 पैदावार बर्बाद होने से किसान हुए मायूस
🔳 खेत से उपज के पौधे उखाड़ मवेशियों को खिला रहे किसान
🔳 कभी दालों की बंपर पैदावार के लिए पहचान रखती थी कोसी घाटी
🔳 तल्ली सेठी के किसानों ने तो छोड़ी दाल की खेती
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट]]]]]]]]]]]]

बेहद स्वादिष्ट व स्वास्थ्यवर्धक मानी जाने वाली गहत, मास व भट्ट की दाल की उपज बर्बाद होने से कोसी घाटी के किसान मायूस हैं। दालों की बंपर पैदावार के लिए विख्यात बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में अस्सी फिसदी से ज्यादा उपज बारिश की चपेट में आकर चौपट हो चुकी है। मायूस किसान खेतों से बर्बाद उपज के पौधों को उखाड़ अब मवेशियों को खिलाने को मजबूर हो चुके हैं। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने किसानों को नुकसान का उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
कोसी घाटी के गांवों को दाल उत्पादक बेल्ट माना जाता है। यहां की दालों की धमक दिल्ली, मुंबई समेत कई बड़े शहरों तक है। विदेशों में रहने वाले पहाड़ के लोग दालों को खरीद कर अपने साथ ले जाने से नहीं चूकते। लाजवाब स्वाद व स्वास्थ्य के लिए लाभकारी मानी जाने वाली गहत, मास व भट्ट की दाल तमाम गुणों से भरपूर है। दालों की खेती के लिए मौसम अनुकूल होने से कोसी घाटी में इनकी बंपर पैदावार भी होती है जिससे किसानों की आर्थिकी भी सुधरती है पर इस बार गांवों में दाल की उपज को भारी नुकसान पहुंचा है। तिवाड़ी गांव, आमबाडी, सोनगांव बसगांव, गैरखाल, बजेडी, मल्लाकोट, तल्लाकोट, लोहाली, सिल्टोना, बारगल, धनियाकोट, सिमलखा समेत तमाम गांवों में बीते दिनों हुई अत्यधिक बारिश से फसल खेतों में ही खराब हो गई। उपज के बर्बाद होने से किसानों को दाल खाने तक के लाले पड़ गए हैं। महिला किसान सीमा तिवारी, मंजू देवी, दीपा जोशी, भगवती देवी, आंनदी देवी के अनुसार बारिश से खेतों में ही दाल सड़ गई। अब पौधों को मवेशियों को खिलाना मजबूरी बन चुका है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालम सिंह पिनारी, विरेन्द्र सिंह, गजेंद्र सिंह, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, पंकज नेगी, कुबेर सिंह जीना आदि ने किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।

तल्ली सेठी के किसानों ने छोड़ी दाल की खेती

बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से सटे तल्ली सेठी गांव के किसानों ने मौसम की बेरुखी व बंदरों तथा जंगली जानवरों के आंतक से दालों की खेती करना ही छोड़ दिया है जबकि कभी तल्ली सेठी गांव व आसपास के तोको में गहत, मास व भट्ट की दाल बड़े पैमाने पर उपलब्ध हो जाती थी। ग्राम प्रधान प्रताप कुमार व किसानों के अनुसार लगातार नुकसान से खेतीबाड़ी से मोह भंगा होता जा रहा है। पांच वर्ष से किसानो ने खेतों में दाल का दाना तक नहीं उगाया है। बताया की महज धान की खेती पर ही गांव के किसान निर्भर हो चुके हैं। ग्राम प्रधान ने किसानों को समुचित मुआवजा उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।

error: Content is protected !!