🔳 बेतालघाट के तल्ला ठेलका गांव की आबादी तक हुई घुसपैठ
🔳 दिन दोपहर भालूओं की धमक से अनहोनी का खतरा
🔳 पूर्व में मोर का भी मिल चुका है क्षत-विक्षत शव
🔳 ग्रामीणों ने खतरा टालने को ठोस उपाय की उठाई मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के बुधलाकोट ग्राम पंचायत के तल्ला ठेलका तोक में भालूओं की आवाजाही से ग्रामीण दहशत में आ गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार दो वयस्क तथा एक शावक आबादी से महज सौ मीटर की दूरी पर देखा गया है। लोगों ने वन विभाग ने भालूओं की आवाजाही रोकने को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है।
कोसी घाटी के तमाम जंगल आग से धधक रहे हैं जिससे गांवों के लोग परेशान है वहीं ठेलका गांव में दो वयस्क भालू व एक शावक दिखाई देने से दहशत बढ़ गई है। बीते माह गांव के समीप ही एक मोर का शव भी क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला था। वन विभाग ने मोर के किसी जंगली जानवर के हमले में मारे जाने का दावा किया था। हालांकि अब तक उसकी मौत के असल कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। अब एकाएक भालूओं के आबादी के समीप तक दिखने से गांव के लोग सख्ते में आ गए हैं। कभी भी भालूओं के हमलावर होने के अंदेशे से ग्रामीण भयभीत हैं। मजबूरी में दिन ढलने के साथ ही ग्रामीण घरों में दुबक जा रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग से गांव के लोगों पर मंडरा रहे खतरे को टालने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है।
