◾गरजोली व आसपास के गांवों में बैखौफ हुआ गुलदार का जोड़ा
◾ कई पशुपालकों के मवेशियों को मार गिराने के बाद अब आबादी को किया रुख
◾ ग्रामीणों ने उठाई गांव के समीप पिंजरा लगाए जाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के गरजोली गांव में गुलदार की घुसपैठ तेज हो गई है। गुलदार का जोडा़ आबादी के नजदीक तक पहुंचने से गांव के बाशिंदे दिन ढलने के साथ ही घरों में दुबक जा रहे हैं। स्कूली नौनिहालों पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगा गुलदार के आंतक से निजात दिलाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
गरजोली व आसपास के गांवों में बीते कई दिनों से गुलदार की धमक बढ़ गई है। कई पशुपालकों के मवेशियों को निवाला बनाने के बाद अब गुलदार आबादी के नजदीक तक पहुंचने लगा है। ग्रामीणों के अनुसार गुलदार का जोडा़ खतरे का सबब बन चुका है। शाम होते ही गांवों के लोग काम धंधा छोड़ घरों में दुबकने को मजबूर हैं। दहशत के चलते महिलाएं खेतों तक में नहीं जा पा रही है जिस कारण खेती बाड़ी तक प्रभावित होती जा रही है। बच्चों को स्कूल भेजने तक में खतरा महसूस होने लगा है। गुलदार की आवाजाही बढ़ने से गांव के बाशिंदे दहशतज़दा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भास्कर गरजोला के अनुसार कभी भी बढ़ीं घटना सामने आने का अंदेशा भी बना हुआ है। भास्कर ने वन विभाग से गांव के समीप पिंजरा लगा गुलदार की दहशत से निजात दिलाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।