= तेज गति से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में नियंत्रण खो बैठा वाहन चालक
= हाईवे पर खीनापानी में हुई दुर्घटना

(((अंकित सुयाल/मनीष कर्नाटक/कुबेर सिंह जीना की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खीनापानी के समीप तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में टाटा सुमो खाई की ओर जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोग घायल हो गए। वाहन कोसी नदी में जाने से बच गया और बड़ा हादसा टल गया।
अल्मोड़ा निवासी दीपक सिंह बिष्ट देर शाम वाहन यूके 01टीए 1949 से हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर रवाना हुआ। हाईवे पर खीनापानी के समीप पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में वह वाहन पर संतुलन खो बैठा। नतीजतन वाहन हाईवे किनारे लगे बैरियर को तोड़ते हुए खाई की ओर जा गिरी। वाहन हाईवे से कुछ नीचे तीख के ढलान पर अटक गया। वाहन गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। वाहन के अंदर फंसे वाहन चालक तथा एक अन्य युवक कठपुडिया निवासी दीपक कांडपाल को सकुशल बाहर निकाल लिया। दोनों को मामूली चोट लगी। बड़ा हादसा टल गया। यदि वाहन कोसी नदी की ओर गिरता तो बड़ा हादसा सामने आता। घटना से हाईवे पर कुछ देर जाम भी लगा रहा। बाद में यातायात सुचारू हो गया।