◾जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर कर रहे हकीकत बयां
◾प्रवेश प्रतिबंधित होने के बावजूद नदी में पहुंच रहे लोग
◾नदी को स्वच्छ व निर्मल बनाए जाने की उठी पुरजोर मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी गंदगी से कराह रही है। प्रदूषित होती शिप्रा से बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ते ही जा रहा है। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। लोगों ने शिप्रा नदी को स्वच्छ व निर्मल बनाए रखने को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है।
हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र में रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आस्था के केंद्र के रूप में विकसित हो रहे क्षेत्र में बहने वाली उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी पर गंदगी बढ़ती ही जा रही है। पुलिस प्रशासन ने शिप्रा नदी में आवाजाही प्रतिबंधित कर दी बावजूद कई लोग अभी नियमों को दरकिनार कर नदी में उतर रहे हैं। नदी क्षेत्र में जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर से नदी के अस्तित्व पर भी खतरा मंडराने लगा है आगे जाकर शिप्रा नदी पर कई पेयजल व सिंचाई योजनाएं बनी है। गांवों के वासिंदे मवेशियों के साथ ही खुद के लिए भी पानी का इस्तेमाल पीने के लिए करते हैं पर लगातार प्रदूषित हो रही शिप्रा से बीमारियों का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। शिप्रा नदी पर लगातार बढ़ रही गंदगी से लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। नदी में सख्ती से प्रवेश प्रतिबंधित करने के साथ ही स्वच्छ व निर्मल बनाए रखने की मांग की है।
