◾ कैंची धाम स्थित होटलों से नदी में बहायी जा रही गंदगी
◾ गरमपानी से खैरना तक सैकड़ों श्रमिक नदी को दूषित करने में जुटे
◾ नदी के दूषित होने से संक्रामक बिमारी फैलने का खतरा हुआ दोगुना
◾ प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान के बावजूद आस्था से जुड़ी उत्तरवाहिनी की अनदेखी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

भले ही प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान की मुहिम चल रही है पर आस्था से जुड़ी उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी के हालत किसी को नजर नहीं आ रहे। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र से खैरना स्थित जीवनदायिनी कोसी के संगम तक शिप्रा नदी जहरीली होती जा रही है। कैंची क्षेत्र से जहां होटलों से नदी में गंदगी डाली जा रही है वहीं गरमपानी से खैरना तक सैकड़ों मजदूर नदी को प्रदूषित करने में जुटे हैं। नदी के लगातार प्रदूषित होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नदी को गंदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी जोर पकड़ने लगी है।
आस्था से जुड़ी उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी गंदगी से कराह रही है। शिप्रा का खैरना क्षेत्र में संगम में होता है आगे जाकर नदी से कई पेयजल व सिंचाई योजनाएं भी संचालित है बावजूद नदी तेजी से जहरीली होती जा रही है। गरमपानी खैरना क्षेत्र में सैकड़ों श्रमिको ने नदी को शौच का अड्डा बना दिया है वहीं जगह जगह श्रमिक नदी में धड़ल्ले से कपड़े धोने के साथ ही नहाने भी उतर रहे हैं। कई जगह गंदगी का अंबार भी साफ देखा जा सकता है वहीं कैंची क्षेत्र से भी शिप्रा लगातार प्रदूषित हो रही है। प्रशासन की सख्ती व लगातार स्वच्छता अभियान चलाए जाने के बावजूद धड़ल्ले से होटलों से नदी की ओर गंदगी डाले जाने का सिलसिला थम नहीं रहा। वहीं कैंची क्षेत्र से वन विभाग के विश्राम गृह की ओर भी कई लोग नदी में शौच को उतर रहे हैं। नदी को लगातार प्रदूषित किए जाने से लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। विरेंद्र सिंह, गजेंद्र नेगी, संजय सिंह, महेंद्र सिंह बिष्ट, पंकज भट्ट, फिरोज अहमद, मनीष तिवारी, कमल तिवारी आदि ने आस्था से जुड़ी उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। चेताया है कि यदि मनमाना रवैया अपनाया गया तो फिर सड़क पर उतर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली पारितोष वर्मा के अनुसार जल्द निरीक्षण करवाया जाएगा। नदी प्रदूषित करने वालों को बख्सा नहीं जाएगा। चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।

error: Content is protected !!